जनकोप मोड़ से अज्ञात वृद्ध का शव बरामद

सड़क दुर्घटना में मौत की आशंका, शिनाख्त नहीं, घटनास्थल पर साइकिल क्षतिग्रस्त

औरंगाबाद/बारुण. राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बारुण थाना क्षेत्र के जनकोप मोड़ के समीप सोमवार की सुबह एक अज्ञात वृद्ध व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना में मौत प्रतीत हो रहा है. हालांकि, संवाद प्रेषण तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद बारुण थाने में सुरक्षित रखवाया है. बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि सोमवार की सुबह स्थानीय लोगों द्वारा जनकोप मोड़ के पास सड़क किनारे एक शव पड़े होने की सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की. जांच के दौरान सड़क किनारे एक साइकिल क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी मिली, जिससे यह स्पष्ट होता है कि मृतक की मौत किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई होगी. थानाध्यक्ष ने बताया कि शव देखने से प्रतीत होता है कि दुर्घटना काफी भयावह रही होगी, जिससे मौके पर ही वृद्ध की मौत हो गयी. स्थानीय लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई भी व्यक्ति उसकी शिनाख्त नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को सदर अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के उपरांत शव को बारुण थाना परिसर में ही पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है. पुलिस द्वारा 72 घंटे तक शव की पहचान का इंतजार किया जायेगा. यदि इस अवधि में भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाती है, तो सरकारी प्रावधानों के तहत अंतिम संस्कार कराया जायेगा. स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक आसपास के क्षेत्र का ही रहने वाला प्रतीत होता है. लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति साइकिल से गुजर रहा था, तो वह संभवतः नजदीकी गांव का ही होगा. आशंका जतायी जा रही है कि वृद्ध सोमवार की सुबह अपने घर से मजदूरी के लिए साइकिल से निकला होगा और इसी दौरान जनकोप मोड़ के पास किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे रौंद दिया होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sujit kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >