औरंगाबाद: टेकारी नदी में 24 घंटे बाद मिला 72 वर्षीय बुज़ुर्ग का शव, SDRF की मदद से मिली सफलता; डूबने की आशंका

देव थाना क्षेत्र के दधपा गांव निवासी 72 वर्षीय बैजनाथ तिवारी का शव टेकारी नदी से 24 घंटे बाद बरामद हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Aurangabad News : औरंगाबाद के देव थाना क्षेत्र के दधपा गांव निवासी 72 वर्षीय बैजनाथ तिवारी का शव बुधवार की सुबह मिली. करीब 24 घंटे बाद टेकारी नदी में तलाशी के बाद सफलता मिली. नदी में शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने शव की पहचान बैजनाथ तिवारी के रूप में की. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की.

जानकारी के अनुसार मंगलवार को नदी किनारे बैजनाथ तिवारी की लाठी-डंडा और चप्पल मिली थी. सामान मिलने के बाद उनके नदी में डूबने की आशंका जताई गई थी. इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों के साथ एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने नदी में खोजबीन शुरू की. कई घंटे तक अभियान चलाने के बावजूद मंगलवार देर शाम तक बैजनाथ तिवारी का कोई सुराग नहीं मिल सका था.

SDRF और ग्रामीणों ने चलाया खोज अभियान

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लिया. अंचलाधिकारी दीपक कुमार और देव थाना अध्यक्ष कुमार सौरभ पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे. अधिकारियों की निगरानी में एसडीआरएफ की टीम और ग्रामीण नदी में संभावित स्थानों पर तलाश करते रहे.

मंगलवार को देर शाम तक खोज अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण शव का पता नहीं चल सका. इसके बाद बुधवार की सुबह फिर से नदी में तलाश शुरू की गई. इसी दौरान पानी में ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी.

ग्रामीणों ने की शव की पहचान

शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी. कुछ ही देर में मौके पर पुलिस टीम पहुंच गई. ग्रामीणों ने शव की पहचान दधपा गांव निवासी बैजनाथ तिवारी के रूप में की. शव मिलने की खबर गांव में पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई.

प्रथम दृष्टया नदी में पैर फिसलने के बाद पानी में डूबने से बैजनाथ तिवारी की मौत की आशंका जताई जा रही है. हालांकि मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि आगे की कार्रवाई के बाद ही हो सकेगी.

पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में शव को नदी से बाहर निकाला जा रहा है. इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद दधपा गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ravikant Pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >