बाइक सवार पति की मौत, पत्नी-बेटा घायल, नये घर में शिफ्ट होने की हसरत रही अधूरी

एनएच-19 पर टेंगरा मोड़ के समीप अनियंत्रित वाहन की चपेट में आयी बाइक

एनएच-19 पर टेंगरा मोड़ के समीप अनियंत्रित वाहन की चपेट में आयी बाइक प्रतिनिधि, औरंगाबाद/बारुण. राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बारुण थाना क्षेत्र के टेंगरा मोड़ के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक 58 वर्षीय व्यक्त की दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि उनकी पत्नी और बेटे घायल हो गये. मृतक की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के पोकथा गांव निवासी श्रीनंद पांडेय के रूप में हुई है. घायल पत्नी लीलावती देवी और पुत्र सूर्यकांत पांडेय का इलाज चल रहा है. घटना रविवार की दोपहर की बतायी जा रही है. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि श्रीनंद पांडेय के पुत्र सूर्यकांत पांडेय रोहतास जिले के डेहरी ऑनसोन स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम में कार्यरत थे. हाल ही में उनका स्थानांतरण डेहरी ऑनसोन से सासाराम हुआ था. वे रविवार को डेहरी ऑन सोन स्थित अपने किराये के मकान को खाली कर पूरे परिवार के साथ औरंगाबाद शहर में शिफ्ट होने वाले थे. तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर औरंगाबाद जा रहे थे. जैसे ही बारुण थाना क्षेत्र के टेंगरा मोड़ के समीप पहुंचे, तभी उन्हें एक अज्ञात वाहन रौंदते निकल गया. घटनास्थल पर ही श्रीनंद पांडेय की दर्दनाक मौत हो गयी और पत्नी व बेटे घायल हो गये. इस घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी. कुछ लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी. सूचना पर बदहवास परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक श्रीनंद पांडेय के शव से लिपटकर चीत्कार उठे. लोगों ने किया हाइवे जाम इधर, दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एनएच-19 जाम कर दिया. इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. काफी देर तक सड़क जाम की स्थिति रही. आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. इस घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ नीरज कुमार, सीओ मंजेश कुमार और थानाध्यक्ष रंजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वे लोग मानने को तैयार नहीं थे. अंततः काफी देर बाद अधिकारियों के समझाने और उचित कानूनी कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम को हटाया गया. इसके बाद आवागमन बहाल हुआ. पत्नी की स्थिति गंभीर, रेफर इस दुर्घटना में घायल मृतक की पत्नी लीलावती देवी व पुत्र सूर्यकांत को परिजनों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां के डॉक्टरों ने दोनों का उपचार किया. डॉक्टरों ने पत्नी लीलावती देवी की स्थिति गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन औरंगाबाद शहर के ही एक निजी क्लिनिक में इलाज कराने लेकर चले गये. इधर, बारुण थाना की पुलिस शव को कब्जे में लेकर परिजनों से जरूरी पूछताछ के उपरांत पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करायी. खुशियां मातम में तब्दील बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि दुर्घटना में बाइक सवार एक वृद्ध की मौत हुई है. पत्नी और बेटे घायल हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया है. परिजनों से जरूरी पूछताछ हुई. उसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. मौके पर बारुण थाना के एसआइ श्रीनाथ मंडल, करन कुमार, सोनी कुमारी सहित अन्य पुलिस के जवान तैनात रहे. बड़ी बात यह है कि हंसता-खेलता परिवार जो नये घर की ओर बढ़ रहा था, इस हादसे ने उनकी खुशियों को मातम में बदल दिया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUJIT KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >