Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड में शंकरपुर पेट्रोल पंप के समीप मुख्य सड़क पर खड़े खाली ट्रक से बाइक की टक्कर में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान महथू गांव निवासी केदार विश्वकर्मा के पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों में मातम पसरा है.
मित्र को छोड़कर गांव लौट रहा था अभिषेक
जानकारी के अनुसार अभिषेक कुमार अपने मित्र शंकरपुर निवासी मिथुन कुमार को बाइक से शंकरपुर छोड़कर अपने गांव महथू लौट रहा था. इसी दौरान शंकरपुर पेट्रोल पंप के पास मुख्य सड़क पर खड़े ट्रक से उसकी बाइक जोरदार तरीके से टकरा गई.
हादसे में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजनों ने उसे तत्काल जमुहार स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
ट्रक मालिक ने परिवहन विभाग पर लगाया आरोप
घटना के बाद ट्रक मालिक और मृतक के परिजनों ने औरंगाबाद परिवहन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं. ट्रक मालिक का दावा है कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे परिवहन विभाग की टीम ने ट्रक को रोका था और चालक से एक लाख रुपये की मांग की थी. आरोप है कि राशि देने से इनकार करने पर टीम ट्रक की चाबी लेकर औरंगाबाद चली गई.
ट्रक मालिक का आरोप है कि बाद में राशि लेकर मामला रफा-दफा किया गया और ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया. इसी दौरान बाइक की टक्कर से हादसा हुआ.
परिजनों ने दी आंदोलन की चेतावनी
मृतक के बड़े भाई आनंद कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद डीटीओ के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा. उन्होंने मुख्य सड़क पर कथित अवैध वसूली की जांच कराने की मांग की है.
इधर, परिवहन विभाग की डीटीओ सुनंदा कुमारी ने लगाए गए आरोपों को गलत बताया है. उन्होंने कहा कि वह खुद मामले की जांच कर रही हैं. फिलहाल पुलिस भी हादसे की जांच में जुटी है.
