Bihar Crime: हैवान बना पति, बच्चों के सामने पत्नी को उतारा मौत के घाट

Bihar Crime: औरंगाबाद जिले के पोईवां गांव में शराब के नशे में धुत एक पति ने अपने दो छोटे बच्चों के सामने ही पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी. पत्नी के साथ बहस के बाद आरोपी ने इस दर्दनाक घटना को अंजाम दिया.

Bihar Crime: औरंगाबाद जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पोईवां गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ. शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपने बच्चों के सामने ही पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी. मृतका का नाम गीता कुमारी (23) है. आरोपी व्यक्ति का नाम संतोष कुमार है. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

पत्नी के साथ अक्सर करता था मारपीट

मृतका के भाई विकास कुमार मेहता ने बताया कि उनकी बहन की शादी साल 2020 में संतोष कुमार के साथ बड़े धूमधाम से हुई थी. कुछ साल बाद संतोष को शराब पीने की लत लग गई. वह अक्सर नशे में घर आता और गीता के साथ मारपीट करता था.

नशे में धुत पति ने पत्नी का गला दबाया

गुरुवार को भी वह शराब पीकर घर आया और किसी बात को लेकर गीता के साथ झगड़ा करने लगा. उसी दौरान गुस्से में उसने अपने दो बच्चों के सामने ही गीता का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. विकास ने यह भी कहा कि बुधवार की रात उसने गीता को फोन किया था. फोन गीता की बेटी ने उठाया और बताया कि घर में चिकन बन रहा है. जब बहन से बात करने को कहा तो बच्ची ने बताया कि मम्मी काम खत्म होने के बाद खुद बात करेंगी. लेकिन उस रात में गीता का फोन नहीं आया.

कमरे में मृत मिली बहन

मृतका के भाई ने गुरुवार को जीजा संतोष कुमार को फोन कर बताया कि गीता की तबीयत बहुत खराब है. फिर विकास अपनी बहन के ससुराल पोईवां गांव पहुंचा. वहां उसने देखा कि गीता अपने कमरे में बेड पर मृत पड़ी हुई थी और उसके गले पर निशान भी थे वहां मौजूद गीता की 3 साल की बेटी और 2 साल का बेटा डरे हुए थे. बच्चों ने बताया कि पापा शराब पीकर घर आए थे. मम्मी से झगड़ा हुआ और फिर पापा ने मम्मी का गला दबा दिया. मम्मी मर गई. इसके बाद विकास ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही औरंगाबाद मुफ्फसिल थाने के थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के भाई के बयान पर आरोपी पति संतोष कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक टीम) को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की जांच जारी है.

इसे भी पढ़ें: Bihar Suicide: कमरे से अचानक बहने लगा खून, दरवाजा खुलते ही फटी रह गई आंखें

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rani Thakur

बंगाल की धरती पर एक दशक से अधिक समय तक समृद्ध पत्रकारिता अनुभव के साथ, रानी ठाकुर अब बिहार की धरती पर अपनी लेखनी से पहचान बना रही हैं. कोलकाता में कई राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित अखबारों के लिए रिपोर्टिंग और सब-एडिटिंग का अनुभव हासिल करने के बाद, वे अब प्रभात खबर के डिजिटल डेस्क से जुड़ी हैं, जहां वे लाइफ स्टाइल की खबरों के माध्यम से अपनी रचनात्मक सोच और पत्रकारिता कौशल को नई दिशा दे रही हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >