औरंगाबाद: बारुण में NH-19 जाम कर उपद्रव करने वालों पर केस, 10 नामजद समेत 40-50 अज्ञात को बनाया गया आरोपी, 5 घंटे तक लगा था जाम

बारुण में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सड़क हादसे के बाद हुए उपद्रव और जाम मामले में प्रशासन सख्त हो गया है. 10 नामजद और 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस वीडियोग्राफी के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर रही है.

Aurangabad road accident: बारुण प्रखंड क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित जनकोप मोड़ के समीप सड़क हादसे के बाद उपद्रव करने, हाईवे जाम रखने और कंटेनर चालक के साथ मारपीट करने के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. बारुण के बीडीओ नीरज कुमार के आवेदन पर बारुण थाने में 10 नामजद समेत 40 से 50 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी है.

गाय चराने के दौरान हुआ था हादसा

बीडीओ की ओर से थाने में दिये गये आवेदन के अनुसार, कुछ दिन पूर्व जनकोप मोड़ के समीप सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था.

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि जनकोप निवासी अंबिका राम सड़क पार कर गाय चराने जा रहे थे. इसी दौरान औरंगाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें धक्का मार दिया. हादसे में उनका एक पैर बुरी तरह कुचल गया. परिजन घायल को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद ले गये.

चालक को बंधक बनाकर पीटने का आरोप

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर के चालक को बंधक बना लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. मारपीट में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलने पर बारुण थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान मौके पर पहुंचे. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चालक को उपद्रवियों के चंगुल से मुक्त कराया और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा.

5 घंटे तक जाम रहा एनएच-19

आवेदन के अनुसार, बीडीओ और थानाध्यक्ष ने उग्र भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं हुए. उपद्रवियों ने करीब चार से पांच घंटे तक एनएच-19 की दोनों लेन को जाम रखा.

हाईवे जाम होने से वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गयी और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. इस दौरान राहगीरों के साथ धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार करने का भी आरोप है.

10 नामजद, 40-50 अज्ञात पर प्राथमिकी

घटनास्थल की वीडियोग्राफी और स्थानीय लोगों की मदद से उपद्रवियों की पहचान की गयी. प्राथमिकी में जनकोप निवासी संतन राम, अशोक शर्मा, विनय मेहता, रौशन राम, करण राम, पंकज कुमार, छोटू कुमार, बबलू कुमार, अखिलेश शर्मा और उदित सिंह उर्फ टेनी सिंह को नामजद किया गया है. इसके अलावा 40 से 50 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.

पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर गैरकानूनी मजमा लगाने, चालक को बंधक बनाकर मारपीट करने, एनएच जाम कर भीड़ को उकसाने, वाहन में तोड़फोड़ करने, यातायात बाधित करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

अस्पताल पहुंचाने के नाम पर औरंगाबाद में 15 साल की छात्रा से दुष्कर्म, छह घंटे बाद नहर के पास छोड़ा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजू रंजन

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >