Aurangabad Robbery Case : बारुण थाना क्षेत्र के कोचाढ़ गांव में हुई डकैती का बारुण पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए डकैती में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पकड़े गए अपराधियों की पहचान रोहतास जिले के नोखा थाना अंतर्गत कदवा गांव निवासी रवि रंजन कुमार और अंकित कुमार के रूप में हुई है.
पुलिस बनकर आए थे शातिर डकैत
बीते 17 जून की रात कोचाढ़ गांव निवासी सुनील कुमार की पत्नी स्मृति कुमारी ने बारुण थाने में डकैती की शिकायत दर्ज कराई थी. पीड़िता ने बताया था कि उनके पति के काम पर जाने के बाद सात-आठ की संख्या में आए अपराधियों ने खुद को पुलिस बताकर घर का दरवाजा खुलवाया था.
हथियार के बल पर लूटे थे नकद
इसके बाद हथियार के बल पर परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बनाकर अपराधियों ने घर में रखे सोने के आभूषण, चांदी के सामान और 50 हजार रुपये नकद लूट लिए थे. जाते-जाते अपराधी सास रामदुलारी देवी का मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए थे.
Also Read: Also Read: औरंगाबाद : नहर में डूबने से 8 साल की बच्ची की मौत, झोपड़ियों में रह रहे परिवारों के पुनर्वास की उठी मांग
तकनीकी साक्ष्यों से नोखा में दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रोहतास जिले के नोखा तक दबिश दी. बारुण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के दौरान उन्होंने स्वीकार किया है कि वे इस डकैत गिरोह का हिस्सा थे.
फरार अपराधियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि गिरोह के बाकी फरार आरोपितों की भी पहचान कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है. थानाध्यक्ष ने दावा किया है कि जल्द ही बाकी बचे अपराधियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.
Also Read: औरंगाबाद में 3 दिन से लापता व्यक्ति का शव सोन नदी किनारे मिला, इलाके में फैली सनसनी
