Aurangabad News : हमउम्र बच्चों के साथ घूमते देखा, तो परिजनों ने बच्चियों को लगायी थी डांट

Aurangabad News: औरंगाबाद के हसपुरा में पांच बच्चियों के जहर खाने के मामले का खुलासा

गोह/हसपुरा. औरंगाबाद के हसपुरा थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में 29 जनवरी 2026 को पांच नाबालिग बच्चियों द्वारा जहर खाने के मामले में कारणों से परतें छंट गयी हैं. सामूहिक रूप से जहर खा लेने की हृदयविदारक इस घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस घटना में चार बच्चियों की मौत हो गयी थी. पुलिस जांच में सामने आया है कि सरस्वती पूजा (23 जनवरी) के दिन पांचों बच्चियां गांव के ही दो हमउम्र लड़कों के साथ घूमने निकली थीं. इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें साथ घूमते देख लिया और इसकी जानकारी परिजनों तक पहुंच गयी. घर लौटने के बाद परिजनों ने बच्चियों को डांट-फटकार लगायी. परिजनों की नाराजगी और लोकलाज से बच्चियां मानसिक रूप से बेहद परेशान रहीं.

जांच में स्पष्ट हुआ है कि परिजनों की डांट के बाद बच्चियों ने आपस में बातचीत की और एक साथ जहर खाकर जान देने का कठोर कदम उठा लिया. सैदपुर से जमाल बिगहा गांव की ओर जाने वाली सड़क के किनारे स्थित पइन व तालाब के पास बच्चियों ने एक साथ बैठकर जहर खा लिया. इनमें चार बच्चियों ने गेहूं के खेतों में तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया था, जबकि घर पहुंचने पर एक बच्ची को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जिससे उसकी जान बच सकी. जीवित बच्ची से पूछताछ और वैज्ञानिक तरीके से जांच के बाद पुलिस घटना के कारणों तक पहुंची है.

प्रभात इन्वेटिगेशन

गौरतलब है कि 29 जनवरी गुरुवार को यह घटना हुई, लेकिन सैदपुर के लोगों ने चुप्पी साध ली. पता चलने पर प्रभात खबर की टीम ने 31 जनवरी यानी शनिवार को गांव का दौरान किया, तो लड़कियों के शव जलाने के बाद बची राख नजर आयी. पड़ताल करने पर चार बच्चियों की मौत का सबूत मिला, लेकिन कोई मुंह खोलने को तैयार नहीं था. इस बीच, एक बुजुर्ग महिला ने कई जानकारियां दीं, बावजूद इसके कारणों पर रहस्य बना रहा. इस आशय की खबर प्रभात खबर में प्रमुखता से छपने के बाद आइजी क्षत्रनील सिंह ने एसपी अंबरीश राहुल के साथ घटनास्थल का जायजा लिया. एफएसएल की टीम उस जगह पर पहुंची, जहां बच्चियों का दाह संस्कार कराया गया था. चार दिन बाद एससी-एसटी आयोग की टीम भी पहुंची. इस मामले में हसपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी.

प्रभात अपील : अभिभावक बच्चों पर बढ़ाएं भरोसा

हसपुरा की घटना समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि नाबालिग बच्चों के साथ संवाद और समझदारी बेहद जरूरी है. छोटी-सी डांट भी मासूम मन पर गहरा असर डाल सकती है. जरूरत इस बात की है कि अभिभावक बच्चों की भावनाओं को समझें और उन्हें डर के बजाय भरोसे का माहौल दें, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. प्रभात खबर आम लोगों से अपील करता है कि अभिभावक अपने बच्चों पर भरोसा बढ़ाएं. उनके साथ दोस्त जैसा व्यवहार करें. उनकी समस्या समझें. उनसे प्रेम से बातचीत करें, ताकि आपसी समन्वय बना रहे.

सरस्वती पूजा के दिन उक्त बच्चियां दो हमउम्र बच्चों के साथ घूमने निकली थीं. कुछ लोगों ने देख लिया, जिसके बाद परिवार के सदस्यों ने डांट-फटकार लगायी. बच्चियों ने आपस में डिस्कस किया, जिसके बाद जान देने का खतरनाक फैसला ले लिया. चार बच्चियों की मौत हो गयी थी. एक बच्ची बच गयी.

अंबरीश राहुल, पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >