Aurangabad News: (ब्रजेश द्विवेदी) औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के दाउदनगर-बारुण रोड स्थित तेजपुरा लख के पास रविवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत के बाद सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और दुर्घटना संभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया. इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.
कार और ऑटो की टक्कर में गई थी दो लोगों की जान
जानकारी के अनुसार रविवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी थी. हादसा इतना भीषण था कि ऑटो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
Also Read: गयाजी में तीन बड़ी लूट कांडों का खुलासा, झारखंड से हथियार के साथ चार शातिर अपराधी गिरफ्तार
पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव, बढ़ा आक्रोश
सदर अस्पताल, औरंगाबाद में पोस्टमार्टम के बाद जब मृतकों का शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
सड़क सुरक्षा उपायों की उठाई मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि तेजपुरा लख के पास का क्षेत्र लंबे समय से दुर्घटना संभावित बना हुआ है. यहां अक्सर सड़क हादसे होते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से सुरक्षा संबंधी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. लोगों का कहना है कि सड़क किनारे न तो पर्याप्त चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही स्पीड कंट्रोल या रेडियम जैसी सुरक्षा व्यवस्था की गई है.
मृतकों के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा, घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था तथा सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय तत्काल लागू करने की मांग की.
प्रशासन ग्रामीणों को समझाने में जुटा
सड़क जाम की सूचना मिलने पर ओबरा अंचलाधिकारी हरिहरनाथ पाठक और थानाध्यक्ष नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया.
संवाद भेजे जाने तक सड़क जाम जारी था तथा प्रशासन और ग्रामीणों के बीच वार्ता चल रही थी.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा: काम कर लौट रहे दो लोगों की मौत, 9 घायल
