Aurangabad News: (मनीष राज सिंघम) औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपत्ति ट्रैक्टर की चपेट में आ गए, जिसमें पति की मौत हो गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना नवीनगर-जपला मुख्य मार्ग पर नेनुआ तोल गांव के समीप हुई है.
मृतक की पहचान झारखंड राज्य के पलामू जिला अंतर्गत हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के डंगवार गांव निवासी 53 वर्षीय विश्वनाथ साव के रूप में हुई है. वहीं घायल पत्नी की पहचान 50 वर्षीय सुनैना देवी के रूप में की गई है.
शोक व्यक्त करने जा रहे थे दंपत्ति
परिजनों ने बताया कि विश्वनाथ साव के एक रिश्तेदार की मौत हो गई थी. इसी कारण वे अपनी पत्नी सुनैना देवी के साथ बाइक से शोकाकुल परिवार से मिलने जा रहे थे.
बताया गया कि जैसे ही दंपत्ति नवीनगर थाना क्षेत्र के नेनुआ तोल गांव के समीप पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने ओवरटेक करने के दौरान बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
सड़क पर गिरते ही दोनों हुए गंभीर घायल
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पलट गई और पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई.
स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवीनगर पहुंचाया और घटना की सूचना पुलिस व परिजनों को दी.
ट्रैक्टर छोड़कर चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही नवीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक स्थानीय लोगों के डर से ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया.
इलाज के दौरान विश्वनाथ साव की मौत
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन विश्वनाथ साव को औरंगाबाद सदर अस्पताल लेकर पहुंचे जबकि सुनैना देवी को इलाज के लिए पटना ले जाया गया.
इधर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान विश्वनाथ साव की मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार गूंज उठी.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों ने बताया कि मृतक विश्वनाथ साव के तीन पुत्री और दो पुत्र हैं. वे गांव में रहकर खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे.
घटना के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मुआवजे की मांग
परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत मुआवजा देने की मांग की है.
वहीं नवीनगर थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हुई है जबकि उनकी पत्नी का इलाज पटना में चल रहा है. ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: Bihar Cabinet Meeting: खत्म हुआ ‘मंगलवार मॉडल’, अब नए दिन होगी बिहार कैबिनेट की बैठक
