औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा: काम कर लौट रहे दो लोगों की मौत, 9 घायल

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दाउदनगर-बारुण रोड स्थित तेजपुर लख के पास कार और ऑटो की भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए. मृतकों की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के भटौलिया निवासी राजेश पासवान और उमेश पासवान के रूप में हुई है.

Aurangabad News (दाउदनगर से ओम प्रकाश की रिपोर्ट) :
जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के दाउदनगर-बारुण रोड स्थित तेजपुर लख के पास ऑटो और कार की भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए. मृतकों की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के भटौलिया निवासी चुल्हन पासवान के 55 वर्षीय पुत्र राजेश पासवान उर्फ मुकुंद पासवान और सूर्यदेव राम के 45 वर्षीय पुत्र उमेश पासवान के रूप में की गई है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि ऑटो पर सवार सभी लोग रोहतास जिले के नासरीगंज नगर पंचायत से मजदूरी का काम करके वापस अपने घर लौट रहे थे.

जैसे ही ऑटो मझितावां मोड़ की ओर मुड़ने के लिए तेजपुरा लख के पास पहुंचा, वैसे ही दाउदनगर की ओर से तेज और अनियंत्रित गति से जा रहे वाहन ने ऑटो में जोरदार धक्का मार दिया. टक्कर के बाद दोनों वाहन चाट में चले गए और ऑटो सवार गिरकर छटपटाने लगे.

अनुमंडलीय और निजी अस्पतालों में चल रहा घायलों का इलाज, एक गंभीर मरीज रेफर

सड़क दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को उठाकर दाउदनगर अस्पताल पहुंचाया, जिनमें से दो को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. इस सड़क दुर्घटना में कुल नौ लोग घायल हुए हैं. घायलों में से पांच को अनुमंडलीय अस्पताल दाउदनगर लाया गया, जहां से भटौलिया निवासी रोझन राम के 55 वर्षीय पुत्र राजाराम की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बड़े चिकित्सालय में बाहर रेफर कर दिया गया है.

इसके अतिरिक्त घटारो निवासी सीता राजवंशी के 18 वर्षीय पुत्र धनु कुमार, सिपाही राम के 16 वर्षीय पुत्र रणधीर कुमार, हरिहर पासवान के 45 वर्षीय पुत्र रविंद्र पासवान और रामाधार सिंह के 60 वर्षीय पुत्र रामाशीष राजवंशी का इलाज संवाद भेजे जाने तक अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है. वहीं, 55 वर्षीय योगेंद्र पासवान, 28 वर्षीय पुरुषोत्तम पासवान, 50 वर्षीय प्रमोद पासवान और 50 वर्षीय दास पासवान का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है.

अस्पताल पहुंचे जनप्रतिनिधि, ओबरा पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी की

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलने के बाद जिला पर्षद अध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेश कुमार यादव, युवा राजद के प्रदेश सचिव अजीत कुमार और लोजपा (रामविलास) के प्रखंड अध्यक्ष रमेश पासवान ने अनुमंडल अस्पताल पहुंचकर घायलों व मृतकों के परिजनों से मुलाकात की तथा शोकाकुल परिजनों को ढाढ़स बंधाया. इधर, घटना की जानकारी मिलते ही ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार और अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार दल-बल के साथ दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल पहुंचे और शवों को लेकर आगे की आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की.

Also Read: गयाजी में तीन बड़ी लूट कांडों का खुलासा, झारखंड से हथियार के साथ चार शातिर अपराधी गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >