Aurangabad News: एनएच-120 पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात पिकअप की टक्कर से युवक की मौत

Aurangabad News: पटना ले जाने के दौरान टूटी सांस, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम,करीब एक घंटे तक थमा रहा यातायात, स्कूली बसें भी फंसीं

Aurangabad News: (ओम प्रकाश)औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं. अंछा पंचायत के ठाकुर बिगहा निवासी 33 वर्षीय कुंदन महतो उर्फ साधु की इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शहीद प्रमोद सिंह चौक के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा.

ससुराल से लौटने के दौरान हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार कुंदन महतो अपनी पत्नी के साथ गोह प्रखंड के बहुरिया वर्मा स्थित ससुराल से बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान दाउदनगर-गोह-गया जी मुख्य मार्ग एनएच-120 पर ममरेजपुर कटरिया के समीप सुबह करीब छह बजे तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. दुर्घटना में कुंदन महतो गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि उनकी पत्नी भी चोटिल हो गईं.

ग्रामीणों ने दिखाई मानवता

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कुंदन को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उन्हें अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे.

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर समुचित इलाज नहीं मिला. हालत बिगड़ने के बाद एंबुलेंस से उन्हें पटना ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही कुंदन महतो ने दम तोड़ दिया.

मौत के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को शहीद प्रमोद सिंह चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया और प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग करने लगे.

सड़क जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई. कई स्कूली बसें भी जाम में फंस गईं, जिससे भीषण गर्मी में बच्चों और अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम

सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया. बाद में सीओ शैलेंद्र कुमार यादव मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये का मुआवजा चेक सौंपा. इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया.

इस दौरान वार्ड पार्षद भूपेंद्र कुमार मिश्रा उर्फ चिंटू भी मौके पर मौजूद रहे.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फरार पिकअप चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

Also Read: Bihar Cabinet Meeting: खत्म हुआ ‘मंगलवार मॉडल’, अब नए दिन होगी बिहार कैबिनेट की बैठक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक पाण्डेय टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 7 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 National News Channel से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखता हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >