Aurangabad News: (विश्वनाथ पांडेय) औरंगाबाद जिले के कुटुंबा प्रखंड अंतर्गत भाखड़ा गांव में बुधवार की रात बड़ी चोरी की घटना सामने आई है. उक्त गांव निवासी अमरेंद्र कुमार सिंह के घर चोरों ने धावा बोलते हुए लगभग 15 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति की चोरी कर ली. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
छत के रास्ते घर में घुसे चोर
पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है.प्राप्त जानकारी के अनुसार चोर घर के पीछे वाले हिस्से से छत पर चढ़े और फिर घर के अंदर प्रवेश कर गए.बताया जा रहा है कि चोरों ने काफी सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया. जिस कमरे में सोना-चांदी के आभूषण, नगदी, बक्सा और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था, उसी कमरे को निशाना बनाया गया. चोर घर से एक लाख रुपए से अधिक नगद, सोने-चांदी के जेवरात, महत्वपूर्ण कागजात, बक्सा, अटैची और अन्य सामान लेकर फरार हो गए.अगले सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था.
डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी
कमरे का ताला टूटा हुआ मिला और अलमारी खुली देख परिजनों के होश उड़ गए.घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ घर पर जुट गई.पीड़ित परिवार ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
रास्ते में मिला बक्सा और अन्य सामान
घटना के कुछ घंटे बाद धनीबार गांव जाने वाले रास्ते पर कुछ बक्सा, अटैची और अन्य सामान बरामद हुआ. आशंका जताई जा रही है कि चोर कीमती सामान निकालने के बाद फालतू वस्तुओं को रास्ते में फेंककर फरार हो गए. पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.
बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में डर
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.
Also Read: Aurangabad : सदर अस्पताल में आज सुबह आठ बजे से शुरू होगी ओपीडी सेवा
