Aurangabad News : शहरवासियों ने भविष्य को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया

Aurangabad News:दाउदनगर नगरपालिका मनाया गया 141वां स्थापना दिवस

दाउदनगर. दाउदनगर नगरपालिका का 141वां स्थापना दिवस नगर पर्षद कार्यालय परिसर में उत्साह, गरिमा और जनभागीदारी के साथ मनाया गया. इस ऐतिहासिक अवसर पर शहरवासियों ने अपने नगर के गौरवशाली अतीत को याद किया और भविष्य को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया. स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत सुबह प्रभातफेरी से हुई, जबकि दोपहर में नप कार्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित की गयी. सुबह मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी के नेतृत्व में नप कार्यालय परिसर से प्रभातफेरी निकाली गयी. प्रभातफेरी मुख्य बाजार, लखन मोड़ होते हुए पुनः नप कार्यालय परिसर में आकर समाप्त हुई. इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों ने स्वच्छता को लेकर जागरूकता का संदेश दिया. प्रभातफेरी में शामिल लोगों ने सभी रोगों की एक ही दवाई, घर में रखो साफ-सफाई, भारत सरकार का है यह इरादा, संपूर्ण स्वच्छता का हो अपना वादा, चलो सफाई की एक आदत डालें-कूड़े को कूड़ेदान में डालें जैसे नारों से पूरे शहर को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया. प्रभातफेरी में उपमुख्य पार्षद कमला देवी, वार्ड पार्षद दिनेश प्रसाद, सोनी देवी, रीमा देवी, जयगोविंद प्रसाद, एहसान अहमद, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गणेश प्रसाद, उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि सुखलाल प्रसाद, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जहांगीर कुरैशी, सियाराम सिंह, किंग महेंद्र, बबलु कुमार, सत्येंद्र कुमार, प्रशांत कुमार तांती, टाउन स्वच्छता पदाधिकारी अमन कुमार आदि लोग शामिल थे.

कार्यालय परिसर में हुआ मुख्य कार्यक्रम

दोपहर में नगर परिषद कार्यालय परिसर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीओ अमित राजन, मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी, उप मुख्य पार्षद कमला देवी, ईओ ऋषिकेश अवस्थी, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष दीपक पटेल सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर 25 पौंड का केक काटा गया और बैलून उड़ाकर स्थापना दिवस समारोह की औपचारिक शुरुआत की गयी. समारोह में स्टैंडिंग कमेटी सदस्य दिनेश प्रसाद, परवीन कौशर, वार्ड पार्षद बबीता देवी, सीमंन कुमारी, सोहैल अंसारी, जयगोविंद प्रसाद, गुड़िया देवी, सोनी देवी, सुशीला देवी, रुबी देवी, बेबी देवी, रीमा देवी प्रमुख रूप से उपस्थित थे. साथ ही प्रखंड भाजपा नगर अध्यक्ष श्याम पाठक और जदयू नगर अध्यक्ष प्रशांत कुमार तांती भी कार्यक्रम में शामिल हुए. स्वागत भाषण वार्ड पार्षद डॉ केदारनाथ सिंह ने दिया.

विकास के साथ स्वच्छता का संदेश

एसडीओ अमित राजन ने कहा कि दाउदनगर नगरपालिका का 141 वर्षों का इतिहास अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है. इतने वर्षों में कई पीढ़ियां बदल जाती हैं, लेकिन नगर की पहचान बनी रहती है. अब समय आ गया है कि कुछ नया किया जाये, कुछ ऐसा जिससे दाउदनगर नगर पर्षद की एक अलग पहचान बने. उन्होंने विकास के साथ-साथ स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और जनसहभागिता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया.

विकास के प्रति दोहराई प्रतिबद्धता

मुख्य पार्षद अंजलि कुमारी ने शहर के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि नगर पर्षद दाउदनगर को एक आदर्श शहर बनाने के लिए कृतसंकल्पित है. स्थापना दिवस के माध्यम से नगर के स्वर्णिम इतिहास को याद किया जा रहा है और आने वाले समय में इसे और आगे ले जाने का संकल्प लिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से ही विकास योजनाओं को सफल बनाया जा सकता है.

सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजनकार्यक्रम के दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये, जिसने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया. इसके अलावा नगर पर्षद द्वारा आयोजित खेल-कूद प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन संजय तेजस्वी ने किया. ज्ञात हो कि दाउदनगर नगरपालिका की स्थापना 10 फरवरी 1885 में हुई थी. वर्ष 2002 में यह नगर पंचायत बना और 2018 में नगर परिषद का दर्जा प्राप्त किया. खास बात यह रही कि नगर पर्षद बनने के बाद पहली बार नगर पालिका स्थापना दिवस को इतने भव्य रूप में मनाया गया. यह आयोजन न केवल दाउदनगर के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक बना, बल्कि आने वाले समय में विकास, स्वच्छता और नवाचार की दिशा में नए अध्याय की शुरुआत का संकेत भी दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >