Aurangabad News : बाबा दूधेश्वरनाथ धाम में महीने भर सजेगा ऐतिहासिक फगुनी मेला

Aurangabad News:महाशिवरात्रि पर देवकुंड में उमड़ेगी आस्था की भीड़, शाम सात बजे निकलेगी भगवान शिव की भव्य बारात

गोह. औरंगाबाद जिले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल देवकुंड स्थित बाबा दूधेश्वरनाथ धाम में महाशिवरात्रि को लेकर तैयारी जोरों पर हैं. महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां भव्य मेले का आयोजन होगा, जो फगुनी मेले के रूप में पूरे एक माह तक चलेगा. धार्मिक आस्था, परंपरा व ग्रामीण अर्थव्यवस्था का संगम बने इस मेले में जिले सहित आसपास के कई जिलों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. मंदिर परिसर से लेकर मेला क्षेत्र तक साफ-सफाई, सजावट और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. मठाधीश कन्हैयानंद पूरी ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन बाबा का विशेष श्रृंगार, रुद्राभिषेक और जलाभिषेक कराया जायेगा. मंदिर के पुजारी संजय गिरी की देखरेख में पूरे विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न होगी. महाशिवरात्रि की शाम सात बजे बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर से भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जायेगी. शिव बारात में आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और पारंपरिक धार्मिक प्रस्तुति शामिल रहती है. इस बारात में औरंगाबाद के अलावा जहानाबाद, अरवल, गया सहित आसपास के कई जिलों से हजारों श्रद्धालु पहुंचकर शिव-विवाह के साक्षी बनते हैं. क्षेत्र में शिव बारात को लेकर विशेष उत्साह का माहौल रहता है और इसे देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है.

फगुनी मेला जरूरतों को पूरा करने वाला बड़ा बाजार

फगुनी मेला ग्रामीण जीवन की जरूरतों को पूरा करने वाला बड़ा बाजार भी माना जाता है. यहां पशुओं की खरीद-बिक्री के साथ-साथ शादी-विवाह में उपयोग होने वाले फर्नीचर, तोसक, बक्सा, बर्तन, कपड़े और घरेलू उपयोग की अन्य सामग्री की बिक्री होती है. स्थानीय लोगों के लिए यह मेला न केवल धार्मिक बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण होता है.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क

महाशिवरात्रि और शिव बारात के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा की विशेष तैयारी शुरू कर दी है. देवकुंड थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि महाशिवरात्रि और शिव बारात के अवसर पर अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है. उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की जायेगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

क्षेत्र में दिखने लगा धार्मिक उत्साह

महाशिवरात्रि को लेकर क्षेत्र में अभी से धार्मिक माहौल बन गया है. श्रद्धालु जलाभिषेक की तैयारी में जुटे हैं. वहीं मेला क्षेत्र में दुकानों की सजावट शुरू होने से रौनक बढ़ने लगी है. स्थानीय लोग भी इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर उत्साहित हैं. बाबा दूधेश्वरनाथ धाम में हर वर्ष महाशिवरात्रि पर उमड़ने वाली आस्था की भीड़ इस बार भी नये रिकॉर्ड बनाने की संभावना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >