Aurangabad News: शौच के लिए निकले किशोर की पीट-पीटकर हत्या

Aurangabad News: नहर किनारे खून से सना मिला शव, आपसी रंजिश में हत्या की आशंका, जानिए पूरी खबर नीचे

Aurangabad News: (सतेन्द्र पाठक) औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र के अदलपुर गांव में शुक्रवार की अहले सुबह 17 वर्षीय किशोर की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. अपराधियों ने किशोर को घर से बाहर निकलते ही निशाना बनाया और उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी. मृतक की पहचान अमरेश दास के पुत्र रितीश कुमार के रूप में हुई है.घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है.

नहर किनारे मिला खून से सना शव


जानकारी के अनुसार रितीश शुक्रवार की सुबह शौच के लिए गांव के समीप स्थित नहर की ओर गया था. इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया.कुछ देर बाद ग्रामीणों की नजर नहर के पास पड़े खून से सने शव पर पड़ी. इसके बाद शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी गई. देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे.बेटे का शव देखते ही मां-बाप सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.घटनास्थल पर चीख-पुकार और मातमी सन्नाटा पसरा रहा.

बांस के टुकड़े मिले, पीट-पीट कर हत्या की आशंका


घटनास्थल की स्थिति को देखकर हत्या की वारदात काफी निर्मम प्रतीत हो रही थी. शव के समीप बांस के दो टुकड़े बरामद किए गए हैं.आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने इन्हीं बांस के टुकड़ों से युवक की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई.शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं.पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

आपसी रंजिश को माना जा रहा कारण


प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक परिवार और कुछ लोगों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. सूत्रों की मानें तो परिजनों ने हत्या में शामिल कुछ लोगों की पहचान भी कर ली है.संभावना जताई जा रही है कि प्राथमिकी में संदिग्ध लोगों के नाम शामिल किए जाएंगे.हालांकि पुलिस अभी आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रही है.

पुलिस ने शुरू की जांच, एफएसएल टीम करेगी साक्ष्य संकलन


घटना की सूचना मिलते ही रफीगंज थाना अध्यक्ष शंभू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की.पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की.थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया है, जो घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन करेगी.उन्होंने कहा कि हत्या में शामिल अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है.

स्कूल परिवार में भी शोक की लहर


घटनास्थल पर मौजूद ब्राइट लाइफ पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पिता अमरेश दास पिछले लगभग 20 वर्षों से उनके विद्यालय में कार्यरत हैं. उन्होंने कहा कि सुबह स्कूल पहुंचने के तुरंत बाद उन्हें रितीश की हत्या की सूचना मिली, जिससे सभी स्तब्ध रह गए.उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है.इधर इस निर्मम हत्या के बाद अदलपुर गांव में दहशत का माहौल है.ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है.

Also Read: Aurangabad : सदर अस्पताल में आज सुबह आठ बजे से शुरू होगी ओपीडी सेवा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक पाण्डेय टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 7 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 National News Channel से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखता हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >