Aurangabad News:(ओम प्रकाश) औरंगाबाद जिले के दाउदनगर में देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार से जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दुकान और मकान में जा घुसा। हादसे में तीन बिजली पोल टूट गए, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई.
एनएच-120 पर हुआ हादसा
घटना दाउदनगर-गोह-गया जी रोड स्थित एनएच-120 पर टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के समीप मंगलवार देर रात करीब ढाई बजे हुई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुबह होते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.
दुकान और मकान को भारी नुकसान
स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक काफी तेज गति में था। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक सड़क किनारे स्थित दुकान और घर को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा.
हादसे में दुकान और मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। घर के बाहर खड़ी सामग्री भी क्षतिग्रस्त हो गई.
तीन बिजली पोल टूटने से बिजली गुल
ट्रक की टक्कर से सड़क किनारे लगे तीन बिजली पोल भी टूट गए। इसके कारण आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई.
बिजली विभाग के अनुसार नए पोल लगाए जाने के बाद ही क्षेत्र में बिजली बहाल की जा सकेगी। फिलहाल उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
रात होने से टला बड़ा हादसा
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना देर रात हुई, इसलिए दुकानें बंद थीं और सड़क पर भीड़ नहीं थी. अगर यही हादसा दिन में होता तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था.
चालक और खलासी घायल
जानकारी के मुताबिक हादसे में ट्रक चालक और खलासी भी घायल हुए हैं. दोनों ने किसी निजी अस्पताल में इलाज कराया है.
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
Also Read: Bihar Cabinet Meeting: खत्म हुआ ‘मंगलवार मॉडल’, अब नए दिन होगी बिहार कैबिनेट की बैठक
