Aurangabad News : एसपी अंबरीश राहुल ने सुनीं 26 शिकायतें

Aurangabad News: जनता दरबार में गूंजा आमजन का भरोसा

औरंगाबाद कार्यालय. सबका सम्मान–जीवन आसान अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल ने अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार लगाकर लोगों की फरियाद सुनी. इस जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 26 आगंतुकों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं. जमीन विवाद, पारिवारिक झगड़े, मारपीट, धोखाधड़ी, लंबित कांड, थाना स्तर पर कार्रवाई में देरी सहित कई तरह की शिकायतें सामने आयी. जनता दरबार के दौरान पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल ने प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना. उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से थानों का चक्कर न लगाना पड़े. एसपी ने कहा कि सबका सम्मान–जीवन आसान अभियान का उद्देश्य आम लोगों के जीवन को सरल बनाना है, ताकि वे अपनी शिकायतें सीधे वरीय अधिकारियों तक पहुंचा सके. जनता दरबार के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास का सेतु मजबूत होता है. उन्होंने पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जनता से संवेदनशील व्यवहार रखें और हर शिकायत को गंभीरता से लें. जनता दरबार में कई मामलों में मौके पर ही समाधान का रास्ता निकाला गया, वहीं कुछ मामलों में संबंधित थानों को निश्चित समय-सीमा के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया. फरियादियों ने पुलिस अधीक्षक द्वारा व्यक्तिगत रूप से उनकी बात सुनने और कार्रवाई का भरोसा देने पर संतोष जताया. जनता दरबार के सफल आयोजन से यह स्पष्ट हुआ कि औरंगाबाद पुलिस प्रशासन आमजनों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है और पारदर्शी व जवाबदेह व्यवस्था को प्राथमिकता दे रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >