Aurangabad News: सीता थापा मंदिर और उमंगेश्वरी तालाब बनेगा इको-टूरिज्म व स्पोर्ट्स हब

Aurangabad News: डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को जल्द DPR तैयार करने का निर्देश

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के कुटुंबा प्रखंड अंतर्गत अंबा स्थित ऐतिहासिक सीता थापा मंदिर एवं प्रसिद्ध उमंगेश्वरी तालाब (सूर्य मंदिर परिसर) के विकास को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू कर दी है. जिला पदाधिकारी (DM) ने अधिकारियों की टीम के साथ स्थल का निरीक्षण कर इसे इको-टूरिज्म और स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की घोषणा की.

ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल का डीएम ने लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने मंदिर परिसर, उमंगेश्वरी तालाब, आसपास की उपलब्ध भूमि तथा प्राकृतिक वातावरण का गहन अवलोकन किया. उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, पर्यटन संभावनाओं और विकास कार्यों की रूपरेखा पर विस्तृत जानकारी ली.

डीएम ने कहा कि यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्राकृतिक सुंदरता से भी भरपूर है, जिसे विकसित कर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल किया जाएगा.

इको-टूरिज्म मॉडल पर होगा क्षेत्र का विकास

जिला प्रशासन द्वारा तैयार की जा रही मास्टर प्लान के तहत पूरे क्षेत्र को इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत तालाब और मंदिर परिसर के आसपास हरियाली बढ़ाई जाएगी तथा आकर्षक सौंदर्यीकरण किया जाएगा.

पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, आकर्षक लाइटिंग और स्वच्छ वातावरण तैयार किया जाएगा, ताकि लोग प्राकृतिक माहौल के बीच सुकून का अनुभव कर सकें.

युवाओं के लिए बनेगा स्पोर्ट्स हब

डीएम ने बताया कि क्षेत्र में खेल गतिविधियों की अपार संभावनाओं को देखते हुए यहां स्पोर्ट्स हब विकसित करने की भी योजना बनाई जा रही है.

युवाओं और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए वाटर स्पोर्ट्स समेत अन्य आउटडोर खेल गतिविधियों के लिए आधारभूत संरचना विकसित की जाएगी। इससे क्षेत्र के युवाओं को नई पहचान और अवसर मिल सकेंगे.

उमंगेश्वरी तालाब का होगा जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण

उमंगेश्वरी तालाब के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए इसके व्यापक जीर्णोद्धार की योजना बनाई गई है.

तालाब के घाटों का पक्कीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा. परिसर के चारों ओर पेवर ब्लॉक से वॉकिंग ट्रैक बनाया जाएगा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम का निर्माण कराया जाएगा.

सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैरिकेडिंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि छठ पूजा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

पर्यटन बढ़ेगा, स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार

जिला प्रशासन का मानना है कि सीता थापा मंदिर और उमंगेश्वरी तालाब का विकास होने के बाद यह क्षेत्र औरंगाबाद समेत आसपास के जिलों के लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा.

पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. छोटे दुकानदारों, होटल व्यवसायियों और स्थानीय युवाओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा.

अधिकारियों को जल्द DPR तैयार करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अभियंताओं और अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जल्द से जल्द विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करें.

साथ ही भूमि संबंधी सभी प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा करने को कहा गया, ताकि विकास कार्य जल्द धरातल पर उतर सके.

Also Read: Aurangabad : सदर अस्पताल में आज सुबह आठ बजे से शुरू होगी ओपीडी सेवा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >