Aurangabad News: (सौरभ कुमार सिंह) सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “खेत बचाओ अभियान” के तहत नवीनगर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में किसान चौपाल सह खेत बचाओ अभियान की शुरुआत कर दी गई है. इस अभियान का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, फसल संरक्षण और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर खेती को अधिक लाभकारी बनाना है.
प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) रामनाथ चौधरी ने बताया कि किसान चौपाल के माध्यम से किसानों को उन्नत खेती के लिए उपयुक्त प्रभेदों के चयन, उर्वरक प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, जल संरक्षण तथा फसल प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं. साथ ही कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी किसानों तक पहुंचाई जा रही है.
किसान चौपाल का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न
उन्होंने बताया कि राजपुर, सोरी, रामनगर, बसडीहा, बरिऑवा एवं खजुरी पांडू पंचायतों में किसान चौपाल का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है. आगामी कार्यक्रम के तहत 15 जून को सिमरी धमनी पंचायत के परसा तथा मुंगिया पंचायत के ढेबला-ढेबली गांव में किसान चौपाल आयोजित होगी. 16 जून को बैरिया पंचायत के बैरंवा और चंद्रगढ़ पंचायत के दरमी, 17 जून को जयहिंद तेंदुआ पंचायत के हरिहरपुर तथा तोल पंचायत के मांगी, 18 जून को सोनौरा पंचायत के खंभा एवं पिपरा पंचायत के गम्हरिया गांव में चौपाल का आयोजन किया जाएगा.
23 जून को हरिहर उर्दाना पंचायत और 24 जून को बेलाई पंचायत में आयोजित की जाएगी किसान चौपाल
इसी क्रम में 19 जून को अंकोरहा पंचायत के मांडर और ठेंगो पंचायत के गोगो, 20 जून को रामपुर पंचायत के चांदखाप एवं नाउर पंचायत के खड़िया, 23 जून को हरिहर उर्दाना पंचायत के सिकरिया तथा मंझिआवा पंचायत के मंझिआवा, 24 जून को बेलाई पंचायत के खिरी दयाल और केरका पंचायत के झिकटिया, 25 जून को टंडवा पंचायत के टंडवा एवं कंकेर पंचायत के लाइन सिमरा तथा 26 जून को महुआंव पंचायत के तिवारीडीह गांव में किसान चौपाल आयोजित की जाएगी.
बीएओ ने बताया कि कार्यक्रम के सफल संचालन की जिम्मेदारी तकनीकी सहायक प्रबंधकों एवं किसान सलाहकारों को सौंपी गई है.उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं किसानों से अधिक से अधिक संख्या में चौपाल में भाग लेने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज के किसानों के लिए खुशखबरी: 75% अनुदान पर मिलेगा नारियल का पौधा, पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर मिलेगा लाभ
