Aurangabad News: इस स्टेशन पर हर दिन मौत को दावत देते हैं यात्री

Aurangabad News: जान हथेली पर रखकर करते हैं सफर, रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

Aurangabad News: (सुजीत कुमार सिंह) अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार की रात बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई. स्टेशन परिसर में यात्रियों की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरी साफ दिखाई दी. लोग अपनी जान जोखिम में डालकर एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचते नजर आए. यह दृश्य रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.

पटरी पार कर पहुंचे दूसरे प्लेटफॉर्म

स्टेशन पर कई यात्री फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय सीधे रेलवे ट्रैक पार करते दिखे. तस्वीरों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग तक सामान लेकर पटरी पार करते नजर आए. कुछ यात्री जल्दबाजी में ट्रैक के बीच से होकर दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचे. इस दौरान किसी भी समय तेज रफ्तार ट्रेन आने पर बड़ा हादसा हो सकता था.

मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर निकले लोग

दूसरी तस्वीर और भी खतरनाक स्थिति को दर्शाती है. लूप लाइन में खड़ी मालगाड़ी के ऊपर से लोग स्टेशन परिसर में जाने की कोशिश करते नजर आए. यात्रियों ने मालगाड़ी के डिब्बों पर चढ़कर रास्ता बनाने का प्रयास किया. रेलवे जानकारों के अनुसार मालगाड़ी के ऊपर से गुजरना बेहद जानलेवा हो सकता है, क्योंकि ऊपर हाई वोल्टेज बिजली की तारें रहती हैं. थोड़ी सी चूक भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है.

रात में कमजोर दिखी सुरक्षा व्यवस्था

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हो जाती है. आरपीएफ और जीआरपी की सक्रियता कम दिखाई देती है, जिसके कारण यात्री नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हैं. स्टेशन परिसर में न तो सख्ती से निगरानी दिखी और न ही यात्रियों को रोकने की पर्याप्त व्यवस्था नजर आई.

जागरूकता की भी है जरूरत

रेलवे प्रशासन समय-समय पर ट्रैक पार नहीं करने और फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने की अपील करता रहा है. इसके बावजूद लोग कुछ मिनट बचाने के लिए अपनी जान खतरे में डाल देते हैं. रेलवे ट्रैक पार करना और मालगाड़ी पर चढ़ना दंडनीय अपराध भी है, लेकिन लोग नियमों की परवाह नहीं कर रहे हैं.

कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

सोमवार रात का यह नजारा साफ संकेत देता है कि यदि रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की और यात्रियों ने सतर्कता नहीं बरती तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है. थोड़ी सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है. यात्रियों को समझना होगा कि जल्दबाजी से ज्यादा जरूरी उनकी सुरक्षा है.

पहले भी जा चुकी हैं कई जानें

ज्ञात हो कि औरंगाबाद में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. बखारी गांव के पास हुई कई घटनाएं आज भी लोगों के जेहन में ताजा हैं.

Also Read: Gopalganj News: थावे मंदिर पुनरुद्धार कार्य में देरी पर बड़ा एक्शन, पर्यटन निगम के इंजीनियर हटाने का आदेश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक पाण्डेय टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 7 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 National News Channel से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखता हूं.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >