Aurangabad News : नगर परिषद में सियासी सरगर्मी चरम पर : सशक्त स्थायी समिति चुनाव को लेकर जोड़-तोड़ तेज

Aurangabad News : 30 मई को सुबह आठ बजे से अनुमंडल कार्यालय में चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी. नगर परिषद में कुल तीन सदस्यों का निर्वाचन होना है.

Aurangabad News : (ओम प्रकाश) दाउदनगर नगर परिषद में सशक्त स्थायी समिति सदस्य पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है. एक ओर प्रशासनिक स्तर पर चुनाव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं, वहीं दूसरी ओर संभावित उम्मीदवार वार्ड पार्षदों का समर्थन जुटाने में पूरी ताकत लगा रहे हैं.

जानकारी के अनुसार आगामी 30 मई को सुबह आठ बजे से अनुमंडल कार्यालय में चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी. नगर परिषद में कुल तीन सदस्यों का निर्वाचन होना है. चुनाव को लेकर एसडीओ अमित राजन के नेतृत्व में प्रशासनिक व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

राजनीतिक गलियारों में बैठकों, रणनीतियों और समीकरणों का दौर लगातार जारी है. सूत्रों के मुताबिक संभावित प्रत्याशी लगातार वार्ड पार्षदों के संपर्क में हैं, ताकि अपने पक्ष में बहुमत सुनिश्चित किया जा सके.

27 वार्ड पार्षद तय करेंगे समीकरण

दाउदनगर नगर परिषद में कुल 27 वार्ड पार्षद हैं. राजनीतिक चर्चाओं में फिलहाल करीब 10 पार्षदों के संभावित उम्मीदवार बनने की चर्चा है, हालांकि अंतिम समय में यह संख्या घट सकती है.

त्रिकोणीय मुकाबला का आसार

सदस्य पद संख्या-1 के लिए वर्तमान सदस्य भूपेंद्र कुमार मिश्रा उर्फ चिंटू मिश्रा, पूर्व सदस्य डॉ. केदारनाथ सिंह और बसंत कुमार के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि तीनों उम्मीदवार मैदान में रहे तो त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है.

दूसरे और तीसरे पद पर भी मुकाबला रोचक

सदस्य पद संख्या-2 के लिए वर्तमान सदस्य परवीन कौशर, संगीता देवी और सोनी देवी के नाम चर्चा में हैं.वहीं सदस्य पद संख्या-3 के लिए जय गोविंद प्रसाद, सीमन कुमारी, एहसान अहमद और राधा रमण पुरी के नाम प्रमुखता से लिए जा रहे हैं. पहले सीमन कुमारी के दूसरे पद से चुनाव लड़ने की चर्चा थी, लेकिन अब उनके तीसरे पद से मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है.

हर वोट होगा अहम

सूत्रों के अनुसार सभी 27 वार्ड पार्षद तीनों पदों के लिए अलग-अलग मतदान करेंगे. ऐसे में हर वोट बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि संभावित उम्मीदवारों में कई चेहरे मुख्य पार्षद खेमे से जुड़े माने जाते हैं. ऐसे में अपने समर्थक पार्षदों को एकजुट बनाए रखना मुख्य पार्षद गुट के लिए बड़ी चुनौती हो सकती है. अब सभी की नजर सत्ता पक्ष की रणनीति और अंतिम उम्मीदवारों की सूची पर टिकी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >