Aurangabad News: वट सावित्री पूजा में बिछड़ा मासूम आद्विक सकुशल बरामद

Aurangabad News: गया से बच्चे की सुरक्षित बरामदगी, घर वापसी पर खुशी से झूम उठा परिवार

Aurangabad News:(ब्रजेश द्विवेदी) औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड मुख्यालय स्थित देवी मंदिर परिसर से वट सावित्री पूजा के दौरान लापता हुए चार वर्षीय मासूम आद्विक कुमार को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चे की सुरक्षित घर वापसी के बाद परिवार, मुहल्ले और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है.

परिजनों ने पुलिस प्रशासन की तत्परता और सक्रियता की जमकर सराहना की है.

पूजा के दौरान अचानक लापता हुआ था बच्चा

जानकारी के अनुसार ओबरा निवासी सुधीर प्रसाद गुप्ता का चार वर्षीय पुत्र आद्विक कुमार 16 मई की सुबह अपनी मां और अन्य परिजनों के साथ देवी मंदिर में वट सावित्री पूजा करने गया था.

मंदिर परिसर में भारी भीड़ और पूजा-पाठ के बीच सुबह करीब 10 बजे अचानक आद्विक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो परिजनों में हड़कंप मच गया.

पुलिस ने शुरू किया सघन अभियान

घटना की सूचना मिलते ही ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने पुलिस टीम के साथ बच्चे की तलाश शुरू कर दी। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी व मानवीय स्तर पर लगातार जांच की गई.

मामले की गंभीरता को देखते हुए मगध प्रक्षेत्र के आईजी विकास वैभव खुद पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग कर रहे थे.

औरंगाबाद और गया पुलिस की संयुक्त टीमों समेत कुल 15 टीमें बच्चे की तलाश में लगाई गई थीं। मामले के खुलासे के लिए एसआईटी का भी गठन किया गया था.

गया से सकुशल बरामद, महिला गिरफ्तार

पुलिस की लगातार कार्रवाई और सतर्कता का परिणाम रहा कि मासूम आद्विक को गया जिले के डेलहा थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया.

पुलिस ने बच्चे के अपहरण के आरोप में एक महिला को भी गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है.

घर वापसी पर भावुक हुआ परिवार

बच्चे की बरामदगी की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। घर को फूलों से सजाया गया और आरती की थाल के साथ मासूम आद्विक का स्वागत किया गया.

परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू साफ दिखाई दे रहे थे.

देवी मंदिर में विशेष पूजा और प्रसाद वितरण

आद्विक की सुरक्षित वापसी पर परिवार के लोगों ने ओबरा देवी मंदिर पहुंचकर मां भगवती की विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच भव्य रूप से प्रसाद का वितरण किया गया.

पूरे इलाके में बच्चे की सकुशल वापसी को लेकर खुशी और उत्साह का माहौल बना हुआ है.

Also Read : Bihar Weather: भीषण गर्मी के बीच बिहार में मौसम का खौफनाक यू-टर्न

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Pandey

विवेक पाण्डेय टीवी चैनल के माध्यम से पिछले 7 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हूं . करियर की शुरुआत Network 10 National News Channel से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहा हूं. देश और राज्य की राजनीति, कृषि और शिक्षा में रुचि रखता हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >