Aurangabad News: शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और बच्चों को बुनियादी पढ़ने-लिखने तथा गणितीय क्षमता से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को प्रखंड संसाधन केंद्र, कुटुंबा (अंबा) में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) और 'टीचिंग एट द राइट लेवल' कार्यक्रम के तहत एकदिवसीय प्रखंड स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला में प्रखंड के विभिन्न संकुलों से नामित मास्टर ट्रेनरों ने हिस्सा लिया.
बेसलाइन आकलन कर कमजोर बच्चों की बनेगी सूची
कार्यशाला में कक्षा चार से आठ तक के उन विद्यार्थियों के सीखने के स्तर पर विशेष चर्चा की गई, जो हिंदी और गणित विषयों में अपनी कक्षा के अनुसार पिछड़ रहे हैं. प्रशिक्षकों ने बताया कि विद्यालयों में सबसे पहले सभी बच्चों का बेसलाइन मूल्यांकन किया जाएगा. इसके आधार पर कमजोर बच्चों की पहचान कर उन्हें अलग से गतिविधि आधारित एवं समूह बनाकर शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि वे कहानी पढ़ने और बुनियादी गणितीय संक्रियाओं में दक्ष हो सकें.
'टीचिंग एट द Right Level' और रोचक शिक्षण सामग्री का होगा उपयोग
प्रशिक्षकों ने कहा कि 'टीचिंग एट द राइट लेवल' अवधारणा का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनकी कक्षा के बजाय उनकी सीखने की वास्तविक क्षमता के आधार पर पढ़ाना है. बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ाने के लिए FLN किट, टीएलएम (TLM), खेल, 'चहक' गतिविधियों और अन्य रोचक शिक्षण सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे पढ़ाई आनंददायक बन सके.
शुक्रवार और शनिवार को शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए संकुल स्तर पर प्राथमिक और उच्च प्राथमिक कक्षाओं के हिंदी एवं गणित विषय के शिक्षकों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जाएगा. आगामी शुक्रवार को हिंदी और शनिवार को गणित के नामित शिक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित होगा.
इस कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर चंद्रशेखर प्रसाद साहू, राजीव रंजन सिंह, ज्योति भूषण, राहुल रंजन, कुमार बिजेंद्र, लेखापाल अविनाश कुमार, डेटा एंट्री ऑपरेटर विपिन कुमार सहित कई संकुल स्तरीय मास्टर प्रशिक्षक उपस्थित थे.
