Aurangabad News: दाउदनगर के शहीद प्रमोद सिंह चौक बना, हादसों का हॉटस्पॉट

Aurangabad News: जब्त वाहनों से घिरा एनएच-120, सड़क बनी पार्किंग, राहगीरों की जान पर मंडरा रहा खतरा

Aurangabad News: (ओम प्रकाश) औरंगाबाद जिले के दाउदनगर स्थित एनएच-120 पर बना शहीद प्रमोद सिंह चौक इन दिनों प्रशासनिक अव्यवस्था और लापरवाही का प्रतीक बनता जा रहा है. कभी नगर परिषद द्वारा सजाया-संवारा गया यह चौक अब जब्त वाहनों का अड्डा बन चुका है. सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है और राहगीरों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है, लेकिन प्रशासन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाल पाया है.

सड़क किनारे खड़े किए जा रहे जब्त वाहन

जानकारी के अनुसार दाउदनगर थाना द्वारा विभिन्न मामलों में जब्त किए गए वाहनों को थाना परिसर में रखने के बजाय सीधे सड़क किनारे खड़ा कर दिया जाता है. इतना ही नहीं, परिवहन विभाग, वाणिज्य कर विभाग एवं खनन विभाग द्वारा पकड़ी गई गाड़ियों को भी शहीद प्रमोद सिंह चौक और उसके आसपास छोड़ दिया जाता है. इसका नतीजा यह हुआ है कि एनएच-120 का बड़ा हिस्सा स्थायी पार्किंग में तब्दील हो गया है, जिससे सड़क संकरी हो गई है और जाम की स्थिति बनी रहती है.

भारी वाहनों के बीच गुजरना बना खतरा

राहगीरों का कहना है कि थाना परिसर में जगह की कमी का बहाना बनाकर सड़क को पार्किंग स्थल बना देना पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना रवैया है. भारी ट्रकों और जब्त वाहनों के बीच से होकर गुजरना किसी बड़े खतरे से कम नहीं है. तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

स्थानीय लोगों के अनुसार इस चौक और आसपास के इलाके में पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई.

विधायक ने डीएम को लिखा पत्र

इस गंभीर समस्या को लेकर ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने भी पहल की है. उन्होंने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर शहीद प्रमोद सिंह चौक पर अव्यवस्थित पार्किंग, जाम और दुर्घटनाओं की बढ़ती आशंका पर चिंता जताई है. अपने पत्र में विधायक ने जब्त वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल की व्यवस्था करने, सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने, यातायात निगरानी मजबूत करने तथा नियमित सफाई एवं पानी छिड़काव सुनिश्चित कराने की मांग की है.

स्थानीय लोगों में बढ़ रहा आक्रोश

चौक की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कराया जाए, ताकि आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके.

बड़ा सवाल—कब जागेगा प्रशासन

अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर प्रशासन कब जागेगा,. क्या हर बार किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई होगी. लोगों का कहना है कि अगर जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो यह चौक आने वाले दिनों में और भी खतरनाक साबित हो सकता है.

Also Read: औरंगाबाद मंडी में सेब और अंगूर के दाम ऊंचे स्तर पर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Ranjan

विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.

उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.

वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >