औरंगाबाद कार्यालय. बुधवार को पंचायती राज विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गयी. बैठक में डीएम अभिलाषा शर्मा द्वारा प्रत्येक पंचायत में विकसित किये जा रहे मॉडल मोक्षधाम की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गयी. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पंचायतों में मानक अनुरूप मोक्षधाम का निर्माण सुनिश्चित किया जाये, जिसमें पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था, शौचालय एवं अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों, ताकि आमजन को सम्मानजनक एवं सुव्यवस्थित सुविधा प्राप्त हो सके. विवाह मंडप योजना की समीक्षा के क्रम में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस योजना का क्रियान्वयन प्रत्येक पंचायत में प्राथमिकता के आधार पर किया जाये. उन्होंने सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों (बीपीआरओ) को लंबित प्रस्तावों को अविलंब जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें समयबद्ध रूप से विभाग को प्रेषित किया जा सके. कार्य में शिथिलता पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में पंचायत सरकार भवन के निर्माण एवं संचालन की स्थिति की भी समीक्षा की गयी. वहीं आरटीपीएस के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निबटारे की समीक्षा के दौरान डीएम ने प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का निबटारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाये. सोलर लाइट योजना के संबंध में उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बीपीआरओ द्वारा योजना की सतत निगरानी की जाये तथा सोलर लाइट के अधिष्ठापन के उपरांत भौतिक सत्यापन के बाद ही भुगतान प्रक्रिया सुनिश्चित की जाये, ताकि गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनी रहे. वर्तमान में भीषण गर्मी एवं लू की स्थिति को देखते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत के सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल हेतु प्याऊ की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये. साथ ही प्रत्येक प्याऊ पर ओआरएस घोल की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो. प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त को निर्देश दिया गया कि चिन्हित 10 पंचायतों के लिए जिला पंचायती राज पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्ययोजना तैयार करें एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें. इसके अतिरिक्त डीएम द्वारा पंचायती राज पंचमी एवं षष्ठी मद अंतर्गत उपलब्ध राशि के समुचित, पारदर्शी एवं उद्देश्यपरक व्यय सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया.
Aurangabad News : सभी पंचायतों में मानक के अनुरूम हो मोक्षधाम का निर्माण
Aurangabad News:पंचायती राज योजनाओं की समीक्षा बैठक में डीएम सख्त
