दाउदनगर. शिक्षा विभाग ने वंचित एवं कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए निजी विद्यालयों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. यह पहल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 की धारा 12 (1) (सी) के तहत की जा रही है, जिसके अंतर्गत मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत सीटें इन वर्गों के बच्चों के लिए आरक्षित रहती है. विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अब अभिभावक ज्ञानदीप पोर्टल के माध्यम से अपने बच्चों का ऑनलाइन नामांकन करा सकते है. निर्देशों में बताया गया है कि अलाभकारी समूह के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के साथ-साथ अल्पसंख्यक समुदाय के वे बच्चे शामिल होंगे, जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय निर्धारित सीमा के भीतर है. वहीं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग में सभी वर्गों के वे बच्चे शामिल किये गये हैं, जिनके परिवार की आय तय मानक से कम है. इसके अलावा बच्चों की आयु सीमा भी निर्धारित की गई है, जिसके तहत केवल निर्धारित तिथि के भीतर जन्मे बच्चे ही नामांकन के लिए पात्र होंगे. नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है. अभिभावकों को सबसे पहले ज्ञानदीप पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण करना होगा. पंजीकरण के बाद प्राप्त यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से आवेदन फॉर्म भरा जायेगा. आवेदन के दौरान अभिभावक के आधार कार्ड का सत्यापन अनिवार्य किया गया है, जबकि बच्चे का आधार सत्यापन वैकल्पिक रखा गया है. शिक्षा विभाग ने आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की सूची भी जारी की है. इसमें जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, अभिभावक का आधार कार्ड और बच्चे का पासपोर्ट साइज फोटो शामिल है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद चयनित बच्चों को निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित विद्यालयों में प्रवेश दिया जायेगा. अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए पोर्टल पर उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर एवं ईमेल का उपयोग करें. यह पहल न केवल शिक्षा के अधिकार को मजबूत करेगी, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर भी प्रदान करेगी.
Aurangabad News : निजी स्कूलों में 25% आरक्षित सीटों पर नामांकन शुरू, वंचित बच्चों को मिलेगा बड़ा अवसर
Aurangabad News: ज्ञानदीप पोर्टल से अभिभावक कर सकेंगे नामांकन, दस्तावेजों की जांच के बाद मिलेगा प्रवेश
