Aurangabad News : मनरेगा की समीक्षा बैठक में डीएम सख्त, विकास कार्यों में तेजी और गुणवत्ता पर जोर

Aurangabad News: 82 पंचायतों में खेल मैदान निर्माण को लेकर स्थल चयन के निर्देश

औरंगाबाद कार्यालय. समाहरणालय स्थित योजना भवन सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में मनरेगा की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये गये. बैठक में अनाच्छादित 82 ग्राम पंचायतों में खेल मैदान के लिए स्थल चयन कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया. डीएम ने सभी प्रखंडों में पर्याप्त संख्या में श्रमिकों को कार्य आवंटित कर शत-प्रतिशत मानव दिवस सृजन सुनिश्चित करने पर जोर दिया. उन्होंने ग्रीष्मकालीन मौसम को देखते हुए कार्य स्थलों पर श्रमिकों के लिए पेयजल और छाया की समुचित व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया. बैठक में मनरेगा अभिसरण से आवास लाभार्थियों को मिलने वाले 95 दिनों के परिश्रमिक का समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने पर विशेष बल दिया गया. रफीगंज प्रखंड में सर्वाधिक लंबित आवासों पर परिश्रमिक भुगतान में देरी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कार्यक्रम पदाधिकारी को कड़ी चेतावनी दी गयी. डीएम ने ग्राम पंचायतों में निर्माणाधीन लंबित आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा नये आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए योजनाओं पर शीघ्र कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया. साथ ही ग्रामीण बाजार एवं हाट के लिए चिह्नित 10 स्थलों पर कार्य योजना तैयार कर निर्माण शुरू कराने को कहा. बैठक में जीविका हाट निर्माण को भी प्राथमिकता देते हुए सभी प्रखंडों में उपयुक्त स्थलों का चयन कर निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया. डीएम ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होगा. बैठक में उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, डीआरडीए डायरेक्टर अनुपम कुमार एवं मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINGH_PT

AMIT KUMAR SINGH_PT is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >