Aurangabad News : पुरानी जीटी रोड पर कार डिवाइडर पर चढ़ी, लगी आग

Aurangabad News:बारात में जा रहे दो लोग बाल-बाल बचे

औरंगाबाद कार्यालय. औरंगाबाद शहर के दानी बिगहा के समीप पुरानी जीटी रोड पर मंगलवार की रात दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे के बाद एक कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गयी और देखते ही देखते उसमें आग लग गयी. कुछ ही पलों में कार आग के शोले में तब्दील हो गयी. घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और आसपास के लोग दहशत में आ गये. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. डिवाइडर से टकराने के तुरंत बाद कार के इंजन हिस्से से धुआं निकलने लगा और फिर अचानक आग भड़क उठी. कार में सवार चालक समेत दो लोग किसी तरह दरवाजा खोलकर बाहर निकलने में सफल रहे. स्थानीय लोगों ने भी तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोग एक बारात में शामिल होने के लिए जा रहे थे. हादसे में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया. उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बतायी जा रही है. हालांकि, कुछ लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी, लेकिन जब तक अग्निशमन दल मौके पर पहुंचता, तब तक कार पूरी तरह जलकर मलबे में तब्दील हो चुकी थी. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वाहन को बचाने का कोई मौका नहीं मिला. वैसे दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया. इधर, नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस द्वारा टक्कर के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार और असावधानी हादसे की वजह हो सकती है. हालांकि, पुलिस ने जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है. इधर, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुरानी जीटी रोड पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जतायी है और प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >