Aurangabad News: (ओम प्रकाश) राष्ट्रीय राजमार्गों को अतिक्रमण, अवैध संरचनाओं और अवैध पार्किंग से मुक्त कराने के लिए दाउदनगर अनुमंडल प्रशासन ने दो दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है. अभियान के तहत मंगलवार को दाउदनगर और ओबरा प्रखंड में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, जबकि बुधवार को हसपुरा और गोह प्रखंड में अभियान चलाया जाएगा.
प्रशासन ने अभियान को सफल बनाने के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की है. अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है.
डीएम के निर्देश पर शुरू हुआ अभियान
जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी सह जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स के अध्यक्ष की अध्यक्षता में 27 मई को आयोजित बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित अवैध संरचनाओं, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग को हटाने का निर्णय लिया गया था. उसी निर्णय के आलोक में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
एनएच-139 और एनएच-120 पर होगी कार्रवाई
दाउदनगर अनुमंडल क्षेत्र में एनएच-139 पर ओबरा के शंकरपुर से दाउदनगर के ठाकुर बिगहा तक तथा एनएच-120 पर दाउदनगर से गोह प्रखंड की सीमा तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी.
जिला परिवहन विभाग द्वारा पूर्व में सर्वेक्षण कर अतिक्रमित स्थलों की पहचान कर सूची तैयार की गई है. प्रशासन के अनुसार चिन्हित स्थानों पर विशेष रूप से अभियान चलाया जाएगा.
दंडाधिकारियों की हुई प्रतिनियुक्ति
एसडीओ अमित राजन ने अभियान के सफल संचालन के लिए तिथिवार दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है.
मंगलवार को ओबरा क्षेत्र में कार्रवाई के लिए राजस्व अधिकारी राज नारायण राय तथा दाउदनगर क्षेत्र में राजस्व अधिकारी रोहित कुमार को दंडाधिकारी बनाया गया है.
वहीं 10 जून को हसपुरा में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी अभिनीत कुमार और गोह में राजस्व अधिकारी अजय कुमार सिंह अभियान का नेतृत्व करेंगे.
53 स्थानों को किया गया चिह्नित
सूत्रों के अनुसार एनएच-139 पर दाउदनगर के ठाकुर बिगहा, भखरुआं मोड़ और जिनोरिया सहित ओबरा के अरंडा, सदीपुर और ओबरा बाजार क्षेत्र में कुल 23 स्थानों को चिन्हित किया गया है.
वहीं एनएच-120 पर दाउदनगर, भखरुआं मोड़, पचरुखिया तथा गोह क्षेत्र समेत 30 स्थानों को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के लिए चिन्हित किया गया है.
अवैध ढाबों और पार्किंग पर भी होगी कार्रवाई
राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल औरंगाबाद एवं गया के कार्यपालक अभियंताओं द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित अवैध ढाबों और अवैध पार्किंग स्थलों की सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई गई है.
प्रशासन का कहना है कि सड़क सुरक्षा, यातायात सुगमता और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए अवैध कब्जों को हटाना आवश्यक है. सभी संबंधित अंचलाधिकारियों और थानाध्यक्षों को पुलिस बल के साथ मौके पर उपस्थित रहकर अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया गया है.
कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने का निर्देश
एसडीओ ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर राष्ट्रीय राजमार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराएं तथा कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट अनुमंडल कार्यालय को उपलब्ध कराएं.
Also Read : हाजीपुर में विवाहिता की हत्या के 4 दिन बाद अधजला शव बरामद, परिजनों ने पुलिस पर लगाए लापरवाही के आरोप
