Aurangabad News: (अंबुज पांडेय) औरंगाबाद जिले में बाल श्रम के खिलाफ जिला प्रशासन ने अपना रुख बेहद सख्त कर लिया है. जिला पदाधिकारी (DM) अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर गठित श्रम विभाग की धावा दल ने कुटुंबा प्रखंड मुख्यालय स्थित अंबा चौक के समीप हरिहरगंज रोड में संचालित एक होटल में औचक छापेमारी की. इस कार्रवाई के दौरान होटल में अवैध रूप से काम कर रहे एक नाबालिग बाल श्रमिक को सुरक्षित मुक्त कराया गया है.
रंजन होटल में श्रम विभाग की छापेमारी
जानकारी के अनुसार, श्रम संसाधन विभाग की टीम को अंबा चौक स्थित ‘रंजन होटल’ में नाबालिग बच्चे से काम कराए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर अचानक धावा बोल दिया. मौके पर एक नाबालिग को होटल के कार्यों में लिप्त पाया गया, जिसे टीम ने तत्काल प्रभाव से अपने संरक्षण में ले लिया.
इस विशेष छापेमारी अभियान में प्रशासनिक टीम का नेतृत्व कुटुंबा के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रणविजय कुमार, नवीनगर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विजेंद्र कुमार सिंह तथा हसपुरा के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी दीपक कुमार कर रहे थे. कार्रवाई के दौरान अंबा थाने की पुलिस बल भी सुरक्षा और सहयोग के लिए मुस्तैद रही.
होटल संचालक पर दर्ज होगी FIR
मामले की जानकारी देते हुए कुटुंबा के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रणविजय कुमार ने बताया कि जिला पदाधिकारी के सख्त निर्देश पर जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए लगातार उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है. रंजन होटल में बाल श्रमिक पाए जाने के बाद अब होटल संचालक के विरुद्ध अंबा थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है. बाल श्रम निषेध एवं विनियमन अधिनियम के तहत संचालक पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन की चेतावनी: नहीं बख्शे जाएंगे बाल श्रम कराने वाले
श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बच्चों से होटलों, ढाबों या दुकानों पर काम कराना एक गंभीर कानूनन अपराध है. ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या पैरवी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने जिले के सभी व्यवसायियों को सचेत करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में अन्य होटलों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी यह छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा. यदि कहीं भी बाल श्रमिक मिले, तो संचालक को सीधे जेल की हवा खानी पड़ेगी.
Also Read: सड़क किनारे खड़ी डायल 112 गाड़ी में बाइक सवार युवक ने मारी टक्कर
