Aurangabad News : कट्टा दिखाकर राहगिरों से छिनतई का साजिश बना रहा था युवक

Aurangabad News: गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने किया गिरफ्तार

अंबा. कुटुंबा प्रखंड अंतर्गत अंबा थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना पर कट्टा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक मो अरबाज खान अंबा थाना क्षेत्र के ही नहैया बिगहा गांव निवासी मो हैदर खान का पुत्र है. थानाध्यक्ष राहुल राज के नेतृत्व में यह कार्रवाई पुलिस अवर निरीक्षक राजा कुमार द्वारा संडा पुल के पूर्वी छोर के समीप की गयी. चर्चा है कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधी को गिरफ्तार कर लिया. इससे आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया गया. थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि मंगलवार की देर शाम एक युवक को हथियार के साथ घूमने की सूचना मिली. वह राहगीरों को डराने-धमकाने और छिनतई की योजना बना रहा था. उन्होंने बताया कि सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एसआइ राजा कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठित कर कार्रवाई शुरू की गयी. हालांकि, पुलिस की टीम जब पहुंची, तो युवक पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास किया. वह बधार की ओर भागने लगा, परंतु पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया. पकड़े जाने के बाद जब उसकी तलाशी ली गयी तो उसके पास से एक कट्टा बरामद हुआ है. थानाध्यक्ष ने बताया कि कट्टा बरामद होने के बाद उसे तत्काल हिरासत में लेकर अंबा थाना लाकर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गयी.

मामले की छानबीन में जुटी है पुलिस

थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित के खिलाफ अंबा थाना में कांड संख्या 72/26 के रूप में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. उन्होंने बताया कि युवक से पूछताछ की गयी. इसके साथ ही हर बिंदुओं पर जांच की जा रही है. पुलिस यह पता करने में जुटी है कि युवक के पास हथियार कहां से आया तथा वह किसी हथियार तस्करी गिरोह से जुड़ा तो नहीं है. युवक के साथ अवैध रूप से धंधे में जुड़ाव रखने वाले लोगों की पहचान करने की दिशा में भी छानबीन की जा रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINGH_PT

AMIT KUMAR SINGH_PT is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >