Aurangabad News : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में 12 सितंबर यानी आज शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा. इसका शुभारंभ सुबह 10 बजे होगा. लोक अदालत को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.
13 बेंचों का गठन
प्राधिकार की सचिव तान्या पटेल ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं. मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए कुल 13 बेंचों का गठन किया गया है.
बेंच संख्या एक पर पारिवारिक मामले, बेंच संख्या दो पर मोटर दुर्घटना व यातायात चालान, बेंच संख्या तीन पर बैंक ऋण, और बेंच संख्या चार व पांच पर सुलहनीय आपराधिक एवं विविध मामलों की सुनवाई होगी.
स्थगित की खबर भ्रामक
राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर इसके स्थगित होने संबंधी भ्रामक खबरें प्रसारित होने की जानकारी सामने आई है. सचिव तान्या पटेल ने स्पष्ट किया कि आज 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत स्थगित नहीं हुई है. इसका आयोजन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को ही सुबह 10 बजे से किया जाएगा.
सुलह-समझौते से समाधान
तान्या पटेल ने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य पक्षकारों को आपसी सहमति एवं सुलह के माध्यम से विवादों का त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान उपलब्ध कराना है. इससे पक्षकारों के समय एवं धन की बचत होती है और लंबे समय तक चलने वाले मुकदमों की परेशानी से राहत मिलती है.
मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर
राष्ट्रीय लोक अदालत में आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा. सचिव ने न्यायालय परिसर में आने वाले लोगों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है.
