औरंगाबाद के ग्राम पंचायत सिमरी धमनी के अम्बा धमनी गांव स्थित खेल मैदान के समुचित विकास और इसे एक आधुनिक स्टेडियम का स्वरूप देने को लेकर ग्रामीणों एवं स्थानीय खिलाड़ियों ने युवा विधायक चेतन आनंद से मिलकर एक आवश्यक वार्ता की. राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष समरेश कुमार उर्फ पप्पू पांडे के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष खेल मैदान के तत्काल समतलीकरण, चाहरदीवारी (बाउंड्री वॉल) के निर्माण तथा इसे स्टेडियम के रूप में विकसित करने की जोरदार मांग रखी.
ग्रामीणों ने विधायक को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि अम्बा धमनी गांव का यह खेल मैदान आसपास के करीब 10 गांवों के सैकड़ों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रमुख खेल स्थल है. यहां प्रतिदिन सुबह और शाम बड़ी संख्या में युवा एवं खिलाड़ी विभिन्न खेलों का अभ्यास और स्थानीय प्रतियोगिताओं का आयोजन करते हैं. क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन खेल मैदान की समुचित व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण खिलाड़ियों को लगातार भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
मैदान का समतलीकरण और बाउंड्री निर्माण है जरूरी
ग्रामीणों के अनुसार, मैदान का समतलीकरण नहीं होने के कारण खेलने के दौरान खिलाड़ियों को चोट लगने और कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. वहीं, मैदान के चारों ओर चाहरदीवारी नहीं होने से इसकी सुरक्षा और उपयोगिता दोनों प्रभावित हो रही हैं. खेल मैदान को स्टेडियम का स्वरूप नहीं मिल पाने के कारण स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी भारी असुविधा होती है.
ग्रामीणों ने कहा कि यदि इस मैदान का समय रहते समतलीकरण, बाउंड्री निर्माण और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास कर दिया जाए, तो आसपास के दर्जनों गांवों के उभरते खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए एक बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास का अवसर मिल सकेगा.
लगभग छह एकड़ भूमि है उपलब्ध, एनओसी भी प्राप्त
ग्रामीणों ने विधायक को यह भी जानकारी दी कि इस खेल मैदान के लिए मौके पर करीब छह एकड़ भूमि उपलब्ध है. इस सरकारी भूमि के संबंध में बिहार सरकार से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) भी पहले ही प्राप्त हो चुका है, जिसके बावजूद अब तक मैदान का अपेक्षित और भौतिक विकास नहीं हो सका है. ग्रामीणों ने विधायक से आग्रह किया कि वे इस मामले में व्यक्तिगत पहल करते हुए संबंधित विभाग के माध्यम से खेल मैदान के विकास की प्रक्रिया को जल्द से जल्द आगे बढ़ाएं.
विधायक चेतन आनंद ने ग्रामीणों एवं खिलाड़ियों की इन मांगों और समस्याओं को बहुत ही गंभीरता से सुना और उन्हें पूर्ण आश्वस्त किया कि खेल मैदान को एक आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित करने के लिए उनकी ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के खिलाड़ियों को खेलकूद के दौरान होने वाली सभी कठिनाइयों को दूर करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी तथा इस मैदान के विकास के लिए संबंधित प्रशासनिक स्तर पर कड़े प्रयास किए जाएंगे.
इस अवसर पर हिमांशु पांडेय, संजीव यादव, मंजय पाल, अंकित पासवान, रोहित पासवान, दीपक राम, छोटू यादव, पिंटू पांडेय और निरंजन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी युवा उपस्थित रहे.
