औरंगाबाद में जाम से राहत की तैयारी, अंबा से दाउदनगर तक गृह रक्षकों की होगी तैनाती

औरंगाबाद जिले में जाम की समस्या से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गृह रक्षकों की तैनाती का निर्देश दिया है. प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात होंगे गृह रक्षक, जिससे जाम से निजात मिलने की उम्मीद है.

Traffic Management: औरंगाबाद जिले में लगातार गंभीर होती जाम की समस्या से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. शहर से लेकर प्रखंड मुख्यालयों तक प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों की लंबी कतार लगने से आम लोगों को परेशानी हो रही है. औरंगाबाद शहर के रमेश चौक और ओवरब्रिज से लेकर अंबा चौक तथा दाउदनगर के भखरुआ मोड़ तक कई स्थानों पर नियमित रूप से जाम की स्थिति बन रही है. कई बार वाहनों की रफ्तार थम जाने से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है.

जाम के कारण नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों और जरूरी काम से आने-जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है.

जाम प्रभावित स्थानों पर तैनात होंगे गृह रक्षक

जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने पुलिस और प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है. डीएम की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर नियमित रूप से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है.

डीएम ने जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस उपाधीक्षक, यातायात से तत्काल समन्वय स्थापित कर आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में गृह रक्षक उपलब्ध कराने और उनकी तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश जिला समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, औरंगाबाद को दिया है.

इसके साथ ही पुलिस उपाधीक्षक, यातायात, औरंगाबाद को जिले के विभिन्न जाम प्रभावित स्थलों पर गृह रक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है. प्रशासन का उद्देश्य प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात को नियंत्रित कर जाम की समस्या को कम करना है.

रमेश चौक से ओवरब्रिज तक वाहनों का दबाव

औरंगाबाद शहर का रमेश चौक जिले के प्रमुख यातायात केंद्रों में शामिल है. चारों दिशाओं से आने वाले वाहनों के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है. जाम बढ़ने पर वाहनों की कतार ओवरब्रिज तक पहुंच जाती है.

कई बार ओवरब्रिज पर भी यातायात प्रभावित होने से शहर के अंदर और बाहर जाने वाले लोगों को परेशानी होती है. अंबा चौक पर भी वाहनों की अधिक आवाजाही के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती रहती है.

भखरुआ मोड़ समेत गोह, ओबरा और हसपुरा में भी जाम

दाउदनगर का भखरुआ मोड़ भी लगातार जाम की समस्या से प्रभावित है. यह इलाका कई प्रमुख मार्गों को जोड़ता है, जिसके कारण दिनभर वाहनों का दबाव बना रहता है. जाम लगने पर यात्रियों के साथ स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को भी परेशानी होती है.

इसके अलावा गोह, ओबरा और हसपुरा प्रखंड मुख्यालयों में भी प्रमुख स्थानों पर जाम की समस्या सामने आती रहती है. इन इलाकों में भी यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने की जरूरत महसूस की जा रही है.

एसडीओ ने सीओ और थानाध्यक्षों को दिए निर्देश

डीएम के निर्देश के बाद दाउदनगर के एसडीओ अमित राजन ने अनुमंडल के दाउदनगर, ओबरा, हसपुरा और गोह के सीओ एवं थानाध्यक्षों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है.

अब जाम प्रभावित स्थानों पर गृह रक्षकों की तैनाती और यातायात पुलिस के साथ बेहतर समन्वय से व्यवस्था सुधारने की उम्मीद है. हालांकि, प्रशासन के सामने प्रमुख चौराहों पर स्थायी और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने की चुनौती बनी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ओमप्रकाश

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >