Aurangabad DM Inspection : औरंगाबाद में आगामी निर्वाचन की तैयारियों और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-डीएम अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने शुक्रवार को प्रखंड परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की सुरक्षा, रखरखाव और अभिलेखों की गहन जांच की.
आयोग के निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देश के आलोक में ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का नियमित अंतराल पर निरीक्षण किया जाता है. इसका उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, विश्वसनीयता और मशीनों की सुरक्षा को हर स्तर पर सुनिश्चित करना है.
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
निरीक्षण के दौरान डीएम ने वेयरहाउस में सुरक्षित रखे गए ईवीएम एवं वीवीपैट की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा संधारित विभिन्न अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया.
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों और दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
रखरखाव में सतर्कता
डीएम अभिलाषा शर्मा ने अधिकारियों को वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ बनाए रखने तथा मशीनों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा. वहीं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने पर बल दिया.
राजनीतिक दलों की मौजूदगी
मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मो गजाली सहित मान्यता प्राप्त विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे. वैसे बताया गया कि निरीक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वेयरहाउस की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई.
