Farmer Registry: बिहार सरकार की फार्मर रजिस्ट्री योजना (एग्री स्टैक) में कोताही बरतना सरकारी कर्मियों को महंगा पड़ गया है. औरंगाबाद की डीएम अभिलाषा शर्मा ने काम में लापरवाही उजागर होने के बाद बड़ा एक्शन लेते हुए 541 कर्मचारियों का वेतन तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है. डीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की.
समीक्षा के दौरान यह पता चला कि सैकड़ों कर्मियों ने सरकारी निर्देशों के बावजूद काम में कोई रुचि नहीं ली. इन सभी 541 कर्मियों ने अब तक 10 या उससे कम किसानों की रजिस्ट्री करायी थी, जबकि सरकार ने इसे मिशन मोड में पूरा करने का निर्देश दिया है. इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल वेतन रोकने का आदेश जारी किया.
नवीनगर प्रखंड के कर्मी सबसे ज्यादा
डीएम अभिलाषा शर्मा के आदेश के मुताबिक, वेतन बंदी की कार्रवाई का सामना करने वाले सबसे अधिक कर्मी नवीनगर प्रखंड के हैं. कार्रवाई की जद में आने वालों में पंचायत सचिव, पंचायत रोजगार सेवक, राजस्व कर्मचारी, विशेष सर्वे अमीन, सर्वे अमीन, कार्यपालक सहायक, आवास सहायक और डाटा इंट्री ऑपरेटर शामिल हैं. डीएम ने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजना है. इसकी निरंतर समीक्षा खुद बिहार के मुख्य सचिव कर रहे हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
कुछ दिन पहले ही दी थी चेतावनी
कार्रवाई से ठीक एक दिन पहले डीएम अभिलाषा शर्मा ने खुद नवीनगर प्रखंड में फार्मर रजिस्ट्री शिविर का निरीक्षण किया था. उस दौरान भी उन्होंने लक्ष्य के अनुसार काम करने और कमियों को दूर करने का निर्देश दिया था. इसके बावजूद सुधार न दिखने पर प्रशासन को यह सख्त कदम उठाना पड़ा.
इसे भी पढ़ें : बिहार शिक्षक भर्ती TRE-4 में बड़ा बदलाव, अब एक उम्मीदवार, एक ही रिजल्ट, 44000 भर्तियों के लिए जल्द आएगा नोटिफिकेशन
