Aurangabad Bihta Railway Line : काराकाट सांसद राजाराम सिंह ने रेलवे सुविधाओं के विस्तार और यात्री हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान को लेकर पहल तेज कर दी है. इसी क्रम में उन्होंने मुगलसराय में पूर्व मध्य रेलवे की महाप्रबंधक डिंपी गर्ग से मुलाकात कर काराकाट संसदीय क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर आधारभूत संरचनाओं के विकास एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं.
नई रेल लाइनों की मांग
सांसद ने महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर औरंगाबाद-बिहटा रेल लाइन के निर्माण, डेहरी-बंजारी से चोपन तक नई रेल लाइन, डेहरी से नासरीगंज, बिक्रमगंज, डुमरांव होते हुए बलिया तक नई रेल लाइन तथा डेहरी रेल कारखाना के निर्माण की मांग की.
ट्रेनों के ठहराव की मांग
अकोढ़ा रेलवे स्टेशन पर 12878 नई दिल्ली-रांची गरीब रथ एक्सप्रेस, 18636 सासाराम-रांची एक्सप्रेस और 14022 आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की गई. साथ ही फुट ओवरब्रिज पर स्वचालित सीढ़ी, वृद्ध एवं दिव्यांग यात्रियों के लिए लिफ्ट, यात्री शेड, पेयजल एवं शौचालय की सुविधा तथा गेट नंबर 15 पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग रखी गई.
स्टेशनों पर यात्री सुविधाएं
डेहरी रेलवे स्टेशन पर दक्षिण-पश्चिम दिशा में नया प्रवेश द्वार, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय एवं डॉमिट्री निर्माण की मांग की गई.
Also Read : रफीगंज में उत्तर कोयल नहर के लिए किसानों का धरना 604वें दिन भी जारी, बोले- पानी आने तक चलेगा आंदोलन
डालमियानगर की ओर शौचालय, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, लिफ्ट और पार्किंग की सुविधा विकसित करने की भी मांग सांसद ने रखी. सोन नगर स्टेशन पर पेयजल और स्वचालित सीढ़ी की व्यवस्था कराने की मांग की गई.
ओवरब्रिज व रिजर्वेशन काउंटर
अनुग्रह नारायण रोड स्टेशन के पश्चिम चिचमी-दुधैला गांव के समीप रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज, औरंगाबाद-पचरुखिया रोड में फेसर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज तथा दाउदनगर शहरी क्षेत्र के पुरानी शहर में नया रेलवे रिजर्वेशन काउंटर बनाने की मांग भी उठाई गई. सांसद ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की आवाज को मजबूती से रखना उनकी प्राथमिकता है.