Aurangabad News: औरंगाबाद जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. गुरुवार को समाहरणालय के सभागार में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक (SP) उपेंद्रनाथ वर्मा ने विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए.
संवेदनशील क्षेत्रों की होगी निगरानी
बैठक के दौरान डीएम और एसपी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO), कार्यपालक पदाधिकारियों (EO) और थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति के कोई भी धरना-प्रदर्शन या भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों या संगठनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अफवाहों से बचने और सूचना देने की अपील
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे आपस में बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करें और संवेदनशील सूचनाओं का तुरंत आदान-प्रदान करें. साथ ही, आम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस-प्रशासन को दें.
बैठक में कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से सदर और दाउदनगर के अनुमंडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया. इस समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, उप विकास आयुक्त अनुपम सिंह, सदर SDM गौरव सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, जबकि दाउदनगर SDM अमित राजन और अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े.
Also Read: औरंगाबाद: मानव तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ पुलिस सख्त, जिलेभर में चलाया जागरूकता अभियान
