गोह में तेज रफ्तार वाहन ने ली महिला की जान, बैंक जाते समय हुआ हादसा

Aurangabad Accident News : औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड अंतर्गत उपहारा थाना क्षेत्र के हरीगांव के समीप शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यहाँ गोह बाजार स्थित बैंक से पैसे निकालने जा रही एक 38 वर्षीय महिला की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई. मृतका की पहचान मियांपुर गांव निवासी अनिता देवी के रूप में हुई है. पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार वाहन की तलाश में जुट गई है.

Aurangabad Accident News (मनीष राज सिंघम की रिपोर्ट) :
उपहारा थाना क्षेत्र के हरीगांव के पास शनिवार की सुबह तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात वाहन की सीधी टक्कर से एक 38 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गयी. मृतका की पहचान उपहारा थाना क्षेत्र के ही मियांपुर गांव निवासी रणविजय यादव की पत्नी अनिता देवी (38 वर्ष) के रूप में की गयी है. सदर अस्पताल में पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया के दौरान मृतका के परिजनों ने बताया कि शनिवार की सुबह अनिता देवी अपने चचेरे देवर छोटू कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर गोह बाजार स्थित एक बैंक से पैसा निकासी करने जा रही थीं. इसी दौरान रास्ते में यह भयावह हादसा हो गया.

ओवरटेक कर रहे अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनिता देवी की बाइक जैसे ही हरीगांव के समीप पहुंची, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने लापरवाही से ओवरटेक करने के चक्कर में उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से तेजी से फरार हो गया. इस भीषण टक्कर के कारण महिला बाइक से उछलकर पक्की सड़क पर गिर गई और उनके सिर में गंभीर चोट आने से वह लहूलुहान होकर वहीं तड़पने लगीं. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गोह पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पति दूसरे प्रदेश में करते हैं नौकरी, मां की मौत से दो बच्चों के सिर से उठा साया

अनिता देवी की असामयिक मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर और मियांपुर गांव में कोहराम मच गया. परिजनों ने बताया कि मृत महिला के एक बेटा और एक बेटी हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है. मृतका के पति रणविजय यादव घर की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए दूसरे प्रदेश में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं. इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और मां की मौत से बच्चों के सिर से ममता का साया हमेशा के लिए उठ गया है. घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस, परिजनों ने जिला प्रशासन से की मुआवजे की मांग

घटना की आधिकारिक सूचना मिलते ही उपहारा थाना की पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेजा गया, जहां से प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया. उपहारा थानाध्यक्ष आकाश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में महिला की मौत के मामले में पुलिस सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए संभावित रास्तों पर जांच की जा रही है. इधर, शोकाकुल परिजनों ने आपदा राहत कोष के तहत जिला प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है.

Also Read: गाड़ी का इंतजार कर रही महिला को बाइक ने रौंदा, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >