Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र के चौरी गांव स्थित चौरी नाला में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से 10 वर्षीय बच्चे की डूबकर मौत हो गई. मृतक की पहचान चौरी नौ आना निवासी गजेंद्र सिंह के पुत्र प्रभात कुमार उर्फ चिक्कु के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है.
दोस्तों संग नाला में नहाने गया था बालक
बताया जाता है कि प्रभात कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ चौरी नाला में स्नान करने के लिए गया था. स्नान करने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. उसके साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी.
स्थानीय ग्रामीणों ने बाहर निकाला, तब तक हो चुकी थी मौत
इसके बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाला. हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे. बच्चे का शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. आसपास के ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया.
डायल 112 और दाउदनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना दाउदनगर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम के साथ दाउदनगर थाना के सब इंस्पेक्टर अनिल कुमार एवं सच्चिदानंद मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस पदाधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक जांच-पड़ताल की.
पोस्टमार्टम नहीं कराने का परिजनों ने दिया आवेदन
दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा पुलिस को लिखित आवेदन दिया गया है, जिसमें उन्होंने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने की इच्छा जताई है. परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की.
