विवेकानंद मिशन स्कूल ने चलाया आत्मोदय अभियान, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Aurangabad News : दाउदनगर के विवेकानंद मिशन स्कूल के बच्चों ने आत्मोदय अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया.

Aurangabad News : विवेकानंद मिशन स्कूल, दाउदनगर में आत्मोदय अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया. प्रार्थना सभा के उपरांत विद्यालय के विवेकानंद ब्रिगेड ग्रीन मिशन इको क्लब के तत्वावधान में निकाले गए आत्मोदय अभियान रथ को संस्था के प्रबंधक सुनील कुमार सिंह एवं प्राचार्य शैलेश कुमार शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

अभियान के पहले चरण में कई स्थानों पर हुआ पौधारोपण

अभियान के प्रथम चरण में विद्यालय के 34 छात्र-छात्राओं का दल शिक्षक एवं विवेकानंद ब्रिगेड के पदाधिकारी लोकेश पांडेय, सुदर्शन प्रसाद तथा शिक्षिका रिशु कुमारी के नेतृत्व में मेंहदिया धाम, मेंहदिया थाना परिसर और सर गणेशदत्त जयपुर उच्च विद्यालय पहुंचा. यहां विद्यार्थियों ने महोगनी, सागवान, अमरूद और बेल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.

पर्यावरण, जल संरक्षण और स्वच्छता पर किया जागरूक

इस दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों, महिलाओं, शिक्षकों एवं स्थानीय पदाधिकारियों से संवाद कर पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता और स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने बढ़ते प्रदूषण, जल संकट और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की.

पृथ्वी की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य : डॉ. शम्भूशरण सिंह

संस्था के निदेशक डॉ. शम्भूशरण सिंह ने अपने संदेश में अभियान से जुड़े सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि पृथ्वी हमें अपने पूर्वजों से विरासत में नहीं मिली है, बल्कि हम इसे अपनी आने वाली पीढ़ियों से उधार लेते हैं. उन्होंने कहा कि इसकी रक्षा करना हम सभी का परम कर्तव्य है. पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है.

पौधों की सुरक्षा का लिया संकल्प

अभियान के दौरान मेंहदिया धाम में आचार्य अजय, गौरव, प्रवीण, पैक्स अध्यक्ष अंकित शर्मा, मेंहदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, सरयू कुमार, शिक्षक मुन्ना कुमार शर्मा, लवकुश शर्मा, रंजीत शर्मा, रूपेश कुमार तिवारी, ग्रामीण उदय शर्मा, टुल्लू जी तथा मानसी कुमारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए पौधों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया.

प्रकृति संरक्षण का किया आह्वान

विद्यार्थियों ने लोगों से आह्वान किया कि प्रकृति हमारी अमूल्य धरोहर है. इसकी रक्षा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है. पेड़-पौधे धरती का आभूषण हैं और हरियाली उसका वास्तविक श्रृंगार है. इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए.

Also Read : नवादा दहेज हत्या कांड में बड़ी कार्रवाई, फरार ससुर गिरफ्तार, अब पूरा आरोपी परिवार पहुंचा जेल



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Om Prakash

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >