औरंगाबाद जिले में अपराध नियंत्रण और मद्यनिषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया. इस दौरान हत्या, पॉक्सो एक्ट और शराब तस्करी से जुड़े मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 49 लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें 20 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
हत्या और पॉक्सो मामलों में भी हुई कार्रवाई
अभियान के दौरान ओबरा थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बालक को विधि-विरुद्ध निरुद्ध किया. वहीं पौथू थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में इटार निवासी दुखन भगत के पुत्र सुधांशु कुमार उर्फ कैलाश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
शराब के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता
शराबबंदी अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 40.20 लीटर देशी और 26.250 लीटर विदेशी शराब बरामद की. कार्रवाई के दौरान एक कार और एक स्कूटी भी जब्त की गई. मुफ्फसिल थाना से 6.30 लीटर देशी शराब और 26.250 लीटर विदेशी शराब के साथ कार बरामद हुई. माली थाना क्षेत्र से 24.90 लीटर देशी शराब के साथ स्कूटी तथा देवजरा (मदनपुर) थाना क्षेत्र से नौ लीटर देशी शराब जब्त की गई. सभी मामलों में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
साइबर ठगी के पीड़ित को मिली राहत
साइबर थाना पुलिस ने वर्ष 2024 के एक ऑनलाइन ठगी मामले में सराहनीय कार्रवाई करते हुए पीड़िता सपना कुमारी के खाते में ठगी गई 20 हजार रुपये की राशि वापस कराई. पुलिस ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन से सतर्क रहें और साइबर अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
वारंट निष्पादन और वाहन जांच अभियान भी जारी
दैनिक अभियान के दौरान पुलिस ने 174 वारंट और छह कुर्की वारंट का निष्पादन किया. वहीं वाहन जांच अभियान में 1023 वाहनों की जांच की गई. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से 18 हजार 500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया. पुलिस ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.
