औरंगाबाद में 23 सितंबर से बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, रमेश चौक से ब्लॉक मोड़ तक हटेगा अतिक्रमण, नो-पार्किंग जोन भी बनेंगे

औरंगाबाद शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं. डीएम अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर 23 सितंबर से पुरानी जीटी रोड समेत प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा, जिसके लिए एसडीओ गौरव सिंह की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई.

औरंगाबाद शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर प्रशासन ने विशेष रणनीति तैयार की है. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर मंगलवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक हुई.

इसमें सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया. बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 सितंबर से रमेश चौक, नगर थाना मोड़, पुरानी जीटी रोड, महाराणा प्रताप चौक एवं ब्लॉक मोड़ तक सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा. अभियान का नेतृत्व अंचलाधिकारी एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संयुक्त रूप से करेंगे. इस दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी.

ठेला-खोमचा और सड़क किनारे अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई

बताया गया कि जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा शहर का औचक निरीक्षण किया गया था. निरीक्षण के दौरान रमेश चौक से नगर थाना तक पुरानी जीटी रोड पर फुटपाथ और सड़क किनारे ठेला-खोमचा सहित अन्य अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होने और जाम की स्थिति पायी गयी. इसी के बाद अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया.

वेंडिंग जोन और नो-पार्किंग जोन होंगे निर्धारित

शहर में फुटपाथ के व्यवस्थित उपयोग के लिए नगर परिषद द्वारा आवश्यक स्थानों पर सफेद पट्टी लगाकर वेंडिंग जोन निर्धारित किया जाएगा. वहीं प्रमुख चौराहों एवं आवश्यक स्थानों पर नो-पार्किंग जोन के संकेतक लगाए जाएंगे. रमेश चौक, बाईपास ओवरब्रिज और नावाडीह मोड़ समेत प्रमुख स्थलों पर यातायात पुलिस की नियमित तैनाती की जाएगी. भारी वाहनों के प्रवेश को भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा.

दोबारा अतिक्रमण हुआ तो होगी कार्रवाई

अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी एवं नगर थानाध्यक्ष प्रतिदिन शाम संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे. निरीक्षण का फोटोग्राफ सहित प्रतिवेदन अनुमंडल पदाधिकारी को उपलब्ध कराया जाएगा.

दुकानदारों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील

एसडीओ ने फुटपाथी विक्रेताओं एवं दुकानदारों से जनहित में स्वयं फुटपाथ और मुख्य मार्ग से सामान, ठेला व अन्य सामग्री हटाने की अपील की है. इसके लिए लाउडस्पीकर से प्रचार-प्रसार भी कराया जा रहा है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान अतिक्रमण पाए जाने पर सामान जब्त करने के साथ विधि-सम्मत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, नगर थानाध्यक्ष, यातायात थानाध्यक्ष सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे. जिला प्रशासन ने आम लोगों से यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने और निर्धारित वेंडिंग व पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुधीर कुमार सिन्हा

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >