नवीनगर: अंकोरहा-बड़की सलैया के बीच रेलवे गेट निर्माण की मांग, आरपीएफ की रोक से ग्रामीणों में आक्रोश

औरंगाबाद के नवीनगर प्रखंड के ग्रामीणों ने अंकोरहा और बड़की सलैया रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे गेट निर्माण की मांग तेज कर दी है. आरपीएफ द्वारा रेलवे ट्रैक पार करने पर रोक लगाए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड अंतर्गत सिमरा दुसाध गांव के ग्रामीणों ने अंकोरहा और बड़की सलैया रेलवे स्टेशन के बीच खंभा संख्या 391/29 के पास रेलवे गुमटी एवं समपार फाटक (रेलवे गेट) निर्माण की मांग तेज कर दी है. वर्षों से रेलवे लाइन पार कर आवागमन कर रहे ग्रामीणों को आरपीएफ (RPF) द्वारा ट्रैक से गुजरने से रोके जाने के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है.

75 फीसदी खेत और स्कूल रेलवे ट्रैक के पार, आवागमन में भारी परेशानी

ग्रामीण सत्येंद्र सिंह, सतीश सिंह, विनोद सिंह, मुकेश कुमार, छोटू सिंह, सिनेश पासवान, राजेश सिंह आदि ने बताया कि गांव की लगभग 75 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि रेलवे लाइन के पश्चिमी दिशा में स्थित है. किसानों को ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और मवेशियों को खेतों तक ले जाने के लिए मजबूरन रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है. इसके अलावा गांव का मध्य विद्यालय भी पश्चिम दिशा में है, जिससे रोजाना छोटे-छोटे बच्चों को जान जोखिम में डालकर पटरी पार करनी पड़ती है.

6 किलोमीटर के दायरे में नहीं है एक भी रेलवे क्रॉसिंग

ग्रामीणों के अनुसार, आरपीएफ इंस्पेक्टर रामनिवास और एसआई दिनेश प्रसाद ने रेलवे लाइन से वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है. लोगों का कहना है कि अंकोरहा और बड़की सलैया स्टेशन के बीच करीब छह किलोमीटर की दूरी में एक भी रेलवे क्रॉसिंग नहीं है. ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द समपार फाटक का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि किसी संभावित हादसे को रोका जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Saurabh kr singh

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >