Aurangabad News : अंबा-नवीनगर मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति अब लोगों के लिए जानलेवा साबित होने लगी है. गुरुवार को सड़क पर बने गहरे गड्ढे और जलजमाव के कारण यात्रियों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में ऑटो सवार कई यात्रियों को हल्की चोटें आईं, हालांकि समय रहते स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो अंबा बाजार से नवीनगर की ओर जा रहा था. इसी दौरान सड़क पर बने गहरे गड्ढे में पहिया फंसने से वाहन असंतुलित होकर बीच सड़क पर पलट गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत ऑटो को सीधा कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी बाधित रहा.
आए दिन हो रहे हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंबा-नवीनगर मुख्य मार्ग पर यह पहली दुर्घटना नहीं है. सड़क की बदहाली के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन संबंधित विभाग और ठेकेदार अब तक स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा सके हैं.
मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की मरम्मत केवल औपचारिकता बनकर रह गई है. गड्ढों को अस्थायी रूप से भर दिया जाता है, लेकिन पहली ही बारिश में सड़क फिर से उखड़ जाती है. करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है.
ध्वस्त जलनिकासी बनी मुख्य वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क की दुर्दशा का सबसे बड़ा कारण जल निकासी व्यवस्था का ध्वस्त होना है। सड़क किनारे की नालियां टूट चुकी हैं, जिससे गंदा पानी लगातार सड़क पर बहता रहता है। जलजमाव के कारण सड़क की परतें उखड़ गई हैं और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। सबसे अधिक परेशानी पैदल यात्रियों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है।
प्रशासन की उदासीनता पर फूटा गुस्सा
ऑटो दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन और संबंधित विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा गया. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की स्थायी मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.
समाजसेवियों ने खुद संभाली जिम्मेदारी
प्रशासनिक उदासीनता से नाराज होकर प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष प्रवीण कुमार, प्रेम शर्मा, लड्डू अंसारी, भोदू सिंह, छोटू शर्मा, मनीष सिंह, बलराम सिंघानिया सहित अन्य समाजसेवी स्वयं सड़क पर उतरे और ईंट-पत्थरों से गड्ढों को भरने का कार्य किया. उनका कहना था कि जब जिम्मेदार विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल हो रहे हैं, तब समाज को आगे आकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी पड़ रही है.
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, पथ निर्माण विभाग और जनप्रतिनिधियों से अंबा-नवीनगर मुख्य मार्ग की तत्काल स्थायी मरम्मत कराने तथा जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
Also Read: औरंगाबाद शिक्षा विभाग में बड़ा बदलाव, DEO का तबादला, कई DPO का भी ट्रांसफर
