औरंगाबाद : शहर के अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज में इंटरमीडिएट छात्र-छात्राओं से रजिस्ट्रेशन के नाम पर लिये जा रहे अधिक पैसे का एनएसयूआइ व छात्र समागम के सदस्यों ने विरोध किया. हालांकि, मामला थोड़ी ही देर में निपट गया. एनएसयूआइ के जिलाध्यक्ष विवेक सिंह एवं उपाध्यक्ष जितू जैक ने प्राचार्य से मिल कर लिये जा रहे अधिक शुल्क को कम करवाने की बात कही. इस पर प्राचार्य डाॅ अयोध्या कुमार सिंह ने कहा कि कॉलेज के फीस से ही कॉलेज कार्य का संचालन होता है.
अन्य कॉलेजों की तरह यह कॉलेज नहीं है. यह प्राइवेट कॉलेज है, जिसका खर्च छात्र-छात्राओं के फीस से ही उठाना पड़ता है. एनएसयूआइ के जिलाध्यक्ष विवेक सिंह ने कहा कि इस कॉलेज के छात्र-छात्राओं की शिकायत पर कॉलेज पहुंचे. रजिस्ट्रेशन काउंटर से पता चला कि यहां छात्र-छात्राओं से अधिक फीस लिया जा रहा है. तत्काल इसकी सूचना प्राचार्य को दी गयी. प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं की मांग पर 50 रुपये फीस कम करने की बात कही. इस मौके पर छात्र समागम के अंशु कुमार, अमित, राहुल आदि मौजूद थे.
