दाउदनगर अनुमंडल. दीपावली में दो दिन शेष बचे हैं. नगर पंचायत द्वारा दीपावली पूर्व शहर की पूर्ण सफाई करा लेने का दावा किया जा रहा है. शहर में सफाई का कार्य तरक्की नामक एनजीओ द्वारा किया जाता है. फिर भी शहर के विभिन्न इलाकों में कूड़े के ढेर दिखाई पड़ ही जाते हैं. हां इतना जरूर कहा जा सकता है कि शहर की सफाई व्यवस्था पूर्व की अपेक्षा बेहतर कही जा सकती है. वार्डों में नालियों की सफाई होती है. शहर के सड़कों पर झाडू लगाने का काम हो रहा है. शहर के विभिन्न स्थानों पर कूड़ेदान रख दिये गये हैं.
कूड़ेदानों से ट्रैक्टर द्वारा कूड़ा उठाया जाता है, फिर भी कई इलाके ऐसे हैं जहां से नियमित कूड़ा उठाव कराये जाने की आवश्यकता है. गुरुवार को बुद्धु बिगहा रोड में कूड़े का ढेर देखा गया.हालांकि बाद में उसके उठाव होने की जानकारी मिली. नित्यानंद कुमार ने बताया कि वार्ड संख्या-12, 15, 16 एवं 17 के लोगों द्वारा इस स्थान पर कूड़ा फेंका जाता है. सफाई कर्मी आकर कूड़ा हटाते हैं,फिर कूड़े का ढेर लग जाता है.इसी तरह दाउदनगर शहर के मुख्य बाजार चावल बाजार में भी कूड़ेदान के पास कूड़ा बिखरा दिखा. लोगों का कहना है कि शहर के विभिन्न इलाकों एवं गलियों में नियमित कूड़ा उठाव की आवश्यकता है. हालांकि लोग यह भी स्वीकार करते हैं कि सफाई व्यवस्था पहले की अपेक्षा कुछ बेहतर हुई है.
दीपावली पूर्व शहर की पूर्ण सफाई बेहतर तरीके से करायी गयी है. डोर टू डोर कूड़ा उठाव व नाली-गली की सफाई करायी गयी है. रफीगंज की तरक्की एनजीओ द्वारा सफाई कार्य किया जा रहा है. नगर पंचायत के दस सफाई कर्मचारी भी सफाई में लगे हुए हैं.
बिपिन बिहारी सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत, दाउदनगर
