सड़क पर दुकान लगाने से आवागमन होता है बािधत
प्रशासन की ओर से पहल नहीं हाेने से बढ़ी परेशानी
ओबरा : प्रखंड के शंकरपुर गांव में वर्ष 2011-12 में तत्कालीन ग्रामीण विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा द्वारा कृषकों के हित में सब्जी शेड 15 लाख की लागत से निर्माण कराया गया था, लेकिन आज तक सब्जी शेड का प्रयोग नहीं किया जा रहा है.
आसपास के गांव शंकरपुर, गोखुल बिगहा, अमरपुरा, महथू, रघुनाथपुर सहित दर्जनों गांव के कृषक शंकरपुर के समीप एनएच 98 पर दोनों तरफ से सब्जी मंडी लगा कर अतिक्रमण कर लेते हैं. जिसके कारण वाहनों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है. बताया जाता है कि औरंगाबाद, दाउदनगर, ओबरा के व्यापारी भी सड़क के दोनों तरफ वाहनों को खड़ा कर देते हैं, जिसके कारण सड़क पर अनहोनी घटना होने की आशंका बनी रहती है.
सांसद प्रतिनिधि अशोक मेहता ने बताया कि सड़क पर लग रही सब्जी मंडी को शेड पर दुकान लगाने के लिये काफी प्रयास किया गया है, लेकिन फिर भी सब्जी विक्रेता मानने को तैयार नहीं है. जिसके कारण हमेशा अनहोनी घटना होते रहती है. इस मामले में प्रशासन के लोग भी नजरअंदाज कर रहे हैं. प्रशासन द्वारा भी कोई पहल नहीं की जा रही है.
