दाउदनगर अनुमंडल : तीन दिन पहले हुई मूसलधार बारिश का असर अभी तक दिख रहा है. कई इलाकों में तो स्थिति यह है कि गलियों के रोड के साथ-साथ कई घरों में पानी घुसा हुआ है. जल निकासी की व्यवस्था अभी तक नहीं की जा सकी है.
हालांकि, दो दिन से कुछ इलाकों में लोग निजी स्तर पर डीजल पंप लगाकर पानी निकलवाने का प्रयास कर रहे हैं फिर भी इसका कोई असर होता नहीं दिख रहा है. वार्ड संख्या-22 के मौलाबाग रोड में लक्ष्य कोचिंग सेन्टर के बगल से लेकर नगर भवन परिसर तक एक व्यापक क्षेत्रफल में जल जमाव व्याप्त है. बालिका इंटर विद्यालय के बगल का पुरा इलाका जलमग्न है. लोग पानी में घुसकर बाहर निकलने को विवश हो रहे हैं. बालिका इंटर स्कूल में भी भीषण जलजमाव है. कंप्यूटर संस्थान वीसीएसआरएम एवं कई घरों में जल जमाव व्याप्त है. यहां पानी निकालने के लिए दो डीजल पंप निजी स्तर पर चलाये जा रहे हैं, फिर भी समस्या का समाधान नहीं दिख रहा है.
मौलाबाग के ही वार्ड संख्या-19 स्थित रोड न0-03 में सड़क पर घुटने भर पानी बह रहा है. लोगों का कहना है कि घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है. वहीं वार्ड संख्या-21 के पचकठवा मुहल्ले, वार्ड संख्या-15 के पिराही बाग बागीचा समेत कई अन्य इलाकों में भी भीषण जलजमाव की समस्या के कारण लोगों को परेशानी हो रही है. जल जमाव की समस्या का स्थायी समाधान तो ड्रेनेज सिस्टम दुरूस्त करना ही माना जाएगा ,लेकिन फिलहाल आवश्यकता इस बात की है कि तत्कालिक तौर पर जल जमाव वाले इलाकों से पानी निकासी की व्यवस्था की जाये.
पूछे जाने पर उपमुख्य पार्षद कौशलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि डीजल पंप सेट लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था करने हेतू कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र लिख रहे हैं. वहीं कार्यपालक पदाधिकारी बिपिन बिहारी सिंह ने बताया कि फॉगिंग मशीन से शहर में फॉगिंग कराया जाएगा ताकि तत्कालिक स्तर पर मच्छर की समस्या समाप्त हो सके.
